प्रहलादा गांव सहित अन्य क्षेत्रों में शॉर्ट सर्किट व अन्य कारणों से रविवार को आग लगने से 55 बीघा फसल और 17 मकान जल गए। लोगों की सूचना के बाद भी दमकल वाहन मौके पर नहीं पहुंचा। ग्रामीणों ने किसी तरह आग पर काबू पाया।
गिलौला क्षेत्र के प्रहलादा गांव में सुबह अचानक खेतों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन का तार टूट कर गेहूं के खेत में गिर गया, जिससे फसल में आग लग गई। देखते ही देखते आग की चपेट में आकर गांव के मुनेशर प्रसाद व बहादुर पुत्र रामफल की 22 बीघा, रोज अली पुत्र महबूब व अब्दुल पुत्र मालिक की दो बीघा, बैद्यनाथ पुत्र बदल की तीन बीघा और छोटकउ पुत्र संतराम की छह बीघा गेहूं की फसल जल कर राख हो गई।
घटना की सूचना ग्रामीणों द्वारा विद्युत उपकेंद्र गिलौला को दी गई, इसके बाद उपकेंद्र से बिजली काटी गई। ग्रामीणों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। इस अगिभनकांड में करीब साढ़े तीन लाख रुपये की क्षति का अनुमान लगाया जा रहा है।
वहीं, जमुनहा के बभनपुरवा गांव में ट्यूबवेल की हाईटेंशन लाइन में शॉर्ट सर्किट होने के कारण बरसाती की दो बीघा गेहूं की फसल व दस आम के पेड़, मिथलेश की चार बीघा, रामनरेश की चार बीघा , मुअत्तन खां की दो बीघा, अब्दुल सलाम की दो बीघा व सुमिद खां की सवा दो बीघा गेहूं की फसल जलकर नष्ट हो गई। उधर, शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने से गिलौला के खेवनाएं में जफर अली, सुलेमान, आबिद अली, रग्घू, रामू, रामराज व मनोहर का घर जल गया। अगिभनकांड में जाफर अली की दो भैंस व दो बकरी तथा सुलेमान की दो बकरी गंभीर रूप से झुलस गईं।
वहीं, इस दौरान गिलौला के ही फतुहापुर के मजरा बेड़सरी में अज्ञात कारणों से लगी आग में हंसराम की पांच बीघा गेहूं की फसल जल गई। जबकि शनिवार की शाम सिरसिया के पुरानी बाजार निवासी इब्राहिम पुत्र हफीज के घर में अज्ञात कारणों से आग लग गई, जब तक ग्रामीण कुछ समझ पाते, तब तक आग की लपटों ने पड़ोसी बकरीदी, फकीर, ननकू, इरफान, शरीफ., तजम्मुल, पांचू, इजहार व अजीज के घर को भी चपेट में ले लिया। सूचना के बाद भी अगिभनशमन कर्मियों के न पहुंचने पर लोगों ने किसी तरह आग बुझाई। आग से करीब पांच लाख रुपये की क्षति का अनुमान लगाया जा रहा है।