विकास खंड नवाबगंज के कई गांवों में चेचक फैला है। इन गांवों के करीब 50 बच्चे, युवा व बुजुर्ग बुखार व शरीर पर लाल दानों से पीड़ित हैं। बदलते मौसम से तराई में चेचक का प्रकोप फैल रहा है। ब्लॉक नवाबगंज के बीरपुर, सलारपुर, मकनपुर, चितरहिया, दुर्गापुर, कोदरैला आदि गांवों में एक पखवारे से चेचक घर-घर में फैला हुआ है।
बीरपुर गांव निवासी बबलू को 15 दिन पूर्व बुखार आया। इसके बाद उसके शरीर के कई हिस्सों में लाल चकत्ते व बड़े-बड़े दाने निकल आए। स्थानीय डॉक्टरों से उपचार के बाद भी हालत नहीं सुधरी।
वहीं गांव निवासी सोनू, महेश, संतोष, वीरेंद्र, सरिता, विकास, डब्बू, सलारपुर गांव निवासी बच्चाराम, आशीष, आलोक, मनीषा, दामिनी, कौशिल्या समेत 50 लोग चेचक की जद में है। लेकिन स्वास्थ्य विभाग ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। ग्रामीणों का कहना है कि अब तक कोई स्वास्थ्य कर्मी गांव नहीं पहुंचा है। लोगों में आक्रोश है।
नवाबगंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. राजेश कुमार ने कहा कि अभी तक जानकारी नहीं थी। अब हुई है, प्रभावित गांवों में टीम भेजी जा रही है। उन्होंने झोलाछाप या हकीम के फेर में न पड़ने की ग्रामीणों से अपील की है।