बहराइच के कलेक्ट्रेट में आयोजित बैठक को संबोधित करतीं जिलाधिकारी।
बहराइच। वित्तीय वर्ष 2024-25 में ठोस तरल अपशिष्ट प्रबंधन के लिए चयनित ग्राम पंचायतों द्वारा तैयार की गई कार्ययोजना को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्वच्छता समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक के दौरान 467 ग्राम पंचायतों के लिए प्रस्तावित 41 करोड़ 20 लाख 25 हजार 921 की कार्ययोजना को अनुमोदन प्रदान किया गया।
अनुमोदित कार्ययोजना में 17 करोड़ दो लाख 54 हजार 760 रुपये का अंश स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) का होगा। जबकि शेष धनराशि केंद्रीय वित्त एवं मनरेगा योजना के तहत व्यय की जाएगी। स्वीकृत कार्ययोजना में विकास खंड बलहा के 7, चित्तौरा के 42, हुजूरपुर के 41, जरवल के 30, कैसरगंज के 71, महसी के 28, मिहींपुरवा के 29, नवाबगंज के 35, फखरपुर के 70, पयागपुर के 25, रिसिया के 29, शिवपुर के 18, तेजवापुर के 33 और विशेश्वरगंज के 9 राजस्व ग्रामों की कार्ययोजनाएं सम्मिलित हैं।
स्वीकृत की गईं धनराशि से चयनित गांवाें में सामुदायिक खाद गढ्ढा, सामुदायिक सोकपिट, एकीकृत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन केन्द्र का निर्माण, ग्रामों के प्रत्येक घर से कूड़ा एकत्रीकरण के लिए ई रिक्शा-ठेलिया खरीद, नालियों पर सिल्ट कैचर व फिल्टर चैंबर का निर्माण आदि कार्य कराए जाएंगे। जिलाधिकारी मोनिका रानी ने निर्देश दिए कि कचरा उठान वाहनों की खरीद की कार्रवाई एक सप्ताह में पूर्ण कर ली जाय। नोडल अधिकारियों के निरीक्षण के दौरान कचरा उठान वाहन क्रियाशील न पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इसके अलाव व्यक्तिगत शौचालयों की प्रगति की भी समीक्षा करते हुए संबंधितों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक का संचालन जिला पंचायत राज अधिकारी राघवेन्द्र कुमार द्विवेदी द्वारा किया गया। इस अवसर पर सीडीओ रम्या आर आदि मौजूद रहे।