बहराइच में गुरुवार को तारा गर्ल्स इंटर कालेज में बोर्ड की परीक्षा देकर बाहर आतीं छात्राएं।
- फोटो : BAHRAICH
बहराइच। यूपी बोर्ड परीक्षा के तीसरे दिन केंद्रों पर गहमागहमी रही। दो पालियों में आयोजित हुई बोर्ड परीक्षा में गुरुवार को 4618 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। सभी परीक्षा केंद्रों की ऑनलाइन मॉनिटिरिंग की जाती रही। नकलचियों को पकड़ने के लिए गठित सचल दस्तों ने भी परीक्षा केंद्रों पर छापा मारा। इससे परीक्षा केंद्र बनाए गए कॉलेजों में हड़कंप की स्थिति रही।
यूपी बोर्ड की परीक्षा गुरुवार को गहमागहमी के बीच शुरू हुई। सुबह की पाली में इंटरमीडिएट की चित्रकला और हाईस्कूल की गृह विज्ञान की परीक्षा हुई। परीक्षा के दौरान इंटर में 6638 विद्यार्थी पंजीकृत थे, जिसमें से महज 5708 परीक्षार्थी एग्जाम में शामिल हुए। 930 छात्रों ने परीक्षा छोड़ दी। जबकि गृह विज्ञान की परीक्षा में 10990 छात्राएं पंजीकृत थीं।, जिसमें से 1434 छात्राओं ने परीक्षा छोड़ दी। इसमें 9556 छात्राएं ही शामिल हुईं।
वहीं द्वितीय पाली में इंटर की भूगोल और भौतिक विज्ञान की परीक्षा हुई। परीक्षा के दौरान भूगोल में 5229 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिसमें 720 परीक्षार्थी नहीं शामिल हुए। महज 4618 छात्रों ने ही परीक्षा दी। वहीं भौतिक विज्ञान की परीक्षा में 12611 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिसमें 1534 विद्यार्थियों ने परीक्षा से किनारा कर लिया। 11077 परीक्षार्थी ही परीक्षा में शामिल हुए।
डीआईओएस राजेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि छह सचल दस्ते गठित हैं, जो परीक्षा केंद्रों पर जाकर जांच-पड़ताल कर रहे हैं। सचल दस्तों ने करीब 20 परीक्षा केंद्रों पर छापा मारकर जांच की। वहीं, परीक्षा केंद्रों की ऑनलाइन मॉनिटरिंग भी की गई।
बही खाता के नहीं थे छात्र
जिला विद्यालय निरीक्षक राजेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि गुरुवार को द्वितीय पाली में बही खाता विषय की परीक्षा थी। इंटर की इस विषय की परीक्षा में कोई भी परीक्षार्थी शामिल नहीं था। किसी ने इस विषय से आवेदन भी नहीं किया था।