बहराइच। माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से आयोजित बोर्ड परीक्षा के तहत सोमवार को हाईस्कूल की विज्ञान व इंटरमीडिएट की जीव विज्ञान व गणित की परीक्षा आयोजित की गई। प्रतिदिन की भांति सोमवार को भी 4239 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। परीक्षा को नकलविहीन व शांतिपूूर्ण तरीके से आयोजित कराने के लिए डीएम, एसपी व डीआईओएस ने दल-बल के साथ विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान सभी परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्थाएं दुरुस्त मिलीं।सोमवार को प्रथम पॉली में हाईस्कूल की विज्ञान विषय की परीक्षा का आयोजन किया गया। जिसमें पंजीकृत 20912 छात्र व 17691 छात्राओं समेत पंजीकृत कुल 38609 परीक्षार्थियों के सापेक्ष 36191 परीक्षार्थी मौजूद रहे। जबकि 2412 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। इसी प्रकार द्वितीय पॉली में इंटरमीडिएट की जीव विज्ञान व गणित विषय की परीक्षा का आयोजन किया गया। जिसमें 11527 छात्र व 4589 छात्राओं समेत कुल पंजीकृत 16116 परीक्षार्थियों में से 14292 परीक्षार्थी परीक्षा में मौजूद रहे। जबकि 1824 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। इस प्रकार दोनों पॉलियों में मिलाकर 4239 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़़ दी। परीक्षा को नकलविहीन आयोजित कराने के उद्देश्य से डीएम डॉ.दिनेश चंद्र ने एसपी प्रशांत वर्मा के साथ नगर तारा गर्ल्स इंंटर कॉलेज व मानस इंटर कॉलेज का औचक निरीक्षण करते हुए केंद्र व्यवस्थापकों व स्टेटिक मजिस्ट्रेटों से जानकारी प्राप्त करते हुए उन्हें महत्वपूर्ण दिशा निर्देश दिए। इसके साथ ही डीआईओएस जेेपी सिंह ने भी विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। सभी स्थानों पर परीक्षा शांतिपूूर्ण होते मिली।