उर्रा (बहराइच)। राजापुर कतर्निया गांव में लगे सेमल के हरे पेड़ों पर रात में लकड़कटों ने आरा चला दिया। इसकी भनक लगने पर वन विभाग ने घेराबंदी की। मौके से 82 बोटा सेमल की लकड़ी बरामद हुई है।
कतर्नियाघाट संरक्षित वन क्षेत्र के मोतीपुर रेंज अंतर्गत राजापुर कतरनिया गांव जंगल से सटा हुआ है। गांव के निकट सेमल के कई पेड़ लगे हुए थे। रात में बिना परमिट के कुछ लोगों ने हरे सेमल के पेड़ पर आरा चला दिया। 82 बोटे काट दिये गये।
शुक्रवार सुबह मुखबिर की सूचना पर डीएफओ जेपी सिंह, रेंजर शत्रुधनलाल ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की। मौके पर ट्रैक्टर-ट्रॉली पर लदे सेमल की 82 बोटा लकड़ी बरामद हुई। वाहन और लकड़ी को कब्जे में लेकर सीज कर दिया गया है। डीएफओ ने बताया कि आरोपी सिसैया गांव निवासी रिजवान, हसीब, वारिस खां को पकड़ा गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।