जरवल (बहराइच)। जरवलरोड पुलिस ने चोरी की तीन बाइकों के साथ दो चोरों को गिरफ्तार किया है। बाइक को पुलिस ने सीज कर आरोपियों को जेल भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक सभी विभिन्न क्षेत्रों से बाइक चोरी कर उसे बेचते थे।
जरवलरोड थाने के प्रभारी निरीक्षक श्यामबहादुर सिंह ने बताया कि गुरुवार को उपनिरीक्षक श्रीप्रकाश त्रिपाठी टीम के साथ गश्त कर रहे थे। लखनऊ-बहराइच मार्ग पर दो लोग पुलिस को देखकर बाइक मोड़कर भागने लगे।
पुलिस ने भी बाइक सवारों को पीछा कर पकड़ लिया। इनकी पहचान रईस निवासी मदरसा टोला तथा छोटू निवासी सुरजना जफर मेंहदी जरवल के रूप में हुई।
पूछताछ में दोनों ने दो और चोरी की बाइक चीनी मिल के पीछे करई नाला में छिपाकर रखने की बात बताई। इस पर पुलिस टीम ने करई नाला पहुंचकर दो अन्य बाइक बरामद की। बाइक मालिकों की तलाश के लिए एआरटीओ कार्यालय से संपर्क किया जा रहा है।