महिला की हालत गंभीर, ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर
बहराइच/घाघराघाट। अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में दो युवकों की मौत हो गई। इनमें एक मजदूर को काम पर जाते समय बाइक सवार ने टक्कर मार दी, जबकि एक बाइक सवार को अज्ञात वाहन ने रौंद दिया। दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। बाइक की टक्कर में तीन लोग घायल हुए हैं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कोतवाली देहात अंतर्गत मोगलहा गांव निवासी इस्लामुद्दीन खां (27) पुत्र हबीब खां मेहनत मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करता था। प्रतिदिन की तरह वह शहर में मजदूरी करने के लिए शनिवार की सुबह जिला मुख्यालय आ रहा था।
इस्लामुद्दीन जब लखनऊ-बहराइच मार्ग पर कोतवाली देहात अंतर्गत गोलवाघाट पुल के निकट पहुंचा, तभी तेज रफ्तार बाइक सवार ने उसे टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद बाइक सवार मौके से भाग निकला। इस्लामुद्दीन को लहूलुहान हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उधर रामगांव थाना अंतर्गत काशीजोत गांव निवासी शिवकुमार (35) पुत्र रामखेलावन बाइक सेे रामगांव बाजार आया हुआ था। शाम को जब वह सड़क किनारे बाइक खड़ा कर मोबाइल पर बात कर रहा था, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे रौंद दिया।
मौके पर ही शिवकुमार ने दम तोड़ दिया। वहीं नानपारा-बहराइच मार्ग पर रामगांव क्षेत्र में सोहरवा के निकट दो बाइकों की आमने-सामने हुई टक्कर में नानपारा निवासी जावेद अख्तर (22), मोइनुद्दीन (29) तथा अभिमन्यु (18) घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया गया है।
जरवलरोड थाना अंतर्गत मुस्तफाबाद कोयलीपुरवा निवासी मुन्नी देवी (40) पत्नी झगरू अपनी छह माह की बेटी के साथ सामान की खरीददारी के लिए जरवलरोड बाजार आई थी। देर शाम को सामान खरीदकर जब घर जा रही थीं।
तभी गांव के निकट सड़क पार करते समय तेज रफ्तार बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। इससे दोनों घायल हो गईं। बच्ची की हालत स्थिर है, लेकिन मुन्नी देवी के सिर में चोट होने के चलते उसे चिकित्सकों ने ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया है।