समाजसेवियों ने की सरयू की सफाई
बहराइच। सरयू बचाव संघर्ष समिति द्वारा सरयू नदी की सफाई के लिए रविवार को झिंगहाघाट पर तीसरे चरण में श्रमदान का कार्यक्रम आयोजित किया गया। समिति के पदाधिकारियों और नगरवासियों ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया। जेसीबी द्वारा दो वर्षों से लगे सरयू नदी में बंधे रूपी ताले को तोड़कर नदी के दोनों ओर की धाराओं को मिलाया गया।
जिलाधिकारी अजयदीप सिंह ने नदी की सफाई के लिए जेसीबी की व्यवस्था की है तथा सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ मौके का निरीक्षण कर गौरा बाबा घाट से गोलवाघाट तक प्रोजेक्ट बनाने का निर्देश दिया है। सरयू बचाव संघर्ष समिति के अध्यक्ष राकेश चंद्र श्रीवास्तव ने कहा है कि उन्होंने जिलाधिकारी से मिलकर सोहरवा चिलहरिया स्थित नहर में दो सरकारी ट्यूबवेल से नदी को भरवाने की मांग की। उन्होंने कहा कि गंदे नाले का जो पानी नदी में गिरता है, उसके शोधन के लिए बशीरगंज में यंत्र लगाकर प्राचीन यंत्र परिसर को अराजकतत्वों से मुक्त किया जाए और नानपारा चीनी मिल के शीरे का पानी सरयू नदी में न डालने की मांग की। इस मौके पर समिति के महामंत्री पारसनाथ यादव, उपाध्यक्ष मनीष रस्तोगी, राजन सिंह, संत दक्ष मुनि जी महाराज, मुरारी लाल भारद्वाज, प्रवक्ता सचिन श्रीवास्तव, अजय कुमार शुक्ला आदि मौजूद रहे।