बहराइच। जिले में उप निरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा शनिवार से शुरू होगी। दो दिन तक चलने वाली इस परीक्षा के लिए जिले में 10 केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल 4128 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा को निष्पक्ष और नकलविहीन कराने के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं और सभी केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
डीआईओएस सर्वदानंद ने बताया कि परीक्षा शनिवार और रविवार को दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे तक होगी।
परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी रोकने के लिए प्रत्येक केंद्र पर एक-एक स्टैटिक मजिस्ट्रेट और सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। प्रशासन की ओर से केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, पुलिस बल की तैनाती और प्रवेश के समय सघन जांच की व्यवस्था भी की गई है।