बहराइच। डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय की बोर्ड की परीक्षा जनपद के 28 सेंटरों पर शनिवार से शुरू होगी। जिले में करीब 40 हजार परीक्षार्थी एग्जाम देंगे। परीक्षा में पहले दिन आठ सेंटर पर करीब 6 हजार से अधिक परीक्षार्थी शामिल होंगे। किसान पीजी कॉलेज में सबसे अधिक दो हजार 25 छात्र परीक्षा देंगे। कॉलेज प्रशासन ने परीक्षा को सुचारु ढंग से संपन्न कराने की पूरी तैयारी कर ली है। विश्वविद्यालय ने किसान पीजी कॉलेज को नोडल सेंटर बनाया है। शुक्रवार को किसान पीजी कॉलेज में काफी गहमागहमी के बीच छात्रों को प्रवेशपत्र का वितरण कराया गया।
जनपद में डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय से संबद्ध 34 महाविद्यालय है। इस बार विश्वविद्यालय प्रशासन ने 28 परीक्षा केंद्र बनाए हैं। वहीं किसान पीजी कॉलेज में जनपद के 6 अन्य महाविद्यालयों को संबद्ध कर परीक्षा केंद्र बनाया है। अवध विश्वविद्यालय की परीक्षा 15 फरवरी से जनपद के 28 सेंटरों पर शुरू होगी। परीक्षा में जनपद के 34 महाविद्यालयों में पंजीकृत करीब 40 हजार से अधिक छात्र पंजीकृत हैं। शनिवार से शुरू होने वाली तीन पालियों में परीक्षा के पहले दिन 6 हजार से अधिक परीक्षार्थी शामिल होंगे। कॉलेज प्रबंध समिति के सचिव मेजर डॉ. एसपी सिंह व कॉलेज के प्राचार्य डॉ. एससी त्रिपाठी ने बताया कि परीक्षा को पारदर्शी ढंग से कराने के लिए सभी तैयारी पूरी कर ली गई हैं।
गहमागहमी के बीच वितरित किया प्रवेशपत्र
किसान पीजी कॉलेज में शुक्रवार को काफी गहमागहमी के बीच परीक्षार्थियों को प्रवेशपत्र का वितरण कराया गया। सचिव मेजर डॉ. एसपी सिंह ने बताया कि शुक्रवार को प्राथमिकता के तौर पर शनिवार से होने वाली परीक्षा के परीक्षार्थियों को प्रवेशपत्र का वितरण कराया गया है। अन्य विषयों के भी छात्रों को प्रवेशपत्र व्यवस्थित तरीके से कराया गया है।
किसान पीजी कॉलेज को बनाया नोडल सेंटर
कॉलेज प्रबंध समिति के सचिव मेजर डॉ. एसपी सिंह ने बताया कि विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से कॉलेज को नोडल व कलेक्शन सेंटर बनाया गया है। नोडल सेंटर के प्रभारी डॉ. शिवम श्रीवास्तव व कलेक्शन सेंटर के प्रभारी चंद्रमोहन को बनाया गया है। सेंटर से सुबह 4 बजे से जनपद के महाविद्यालयों को कापी व प्रश्नपत्रों का वितरण शुरू होगा। शाम को परीक्षा के समापन पर जनपद के सभी महाविद्यालयों की कापियों का कलेक्शन रात साढ़े आठ बजे तक ही किया जायेगा। इसके बाद किसी भी सेंटर प्रभारी की कापियां आती हैं, तो विश्वविद्यालय प्रशासन संबंधित सेंटर के खिलाफ कार्रवाई करेगा।
सीसीटीवी की निगरानी में होगी परीक्षा
किसान पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. एससी त्रिपाठी ने बताया कि कॉलेज के 50 कमरों में सीसीटीवी कैमरे लगाये गये हैं। इसकी निगरानी सीधे विश्वविद्यालय प्रशासन करेगा। प्राचार्य ने बताया कि कमरों में लगाये गये सीसी कैमरों की निगरानी में परीक्षा को पारदर्शी ढंग से कराया जायेगा।
किसान पीजी कॉलेज में सबसे अधिक परीक्षार्थी
जनपद के किसान पीजी कॉलेज में शनिवार को सबसे अधिक दो हजार 25 परीक्षार्थी एग्जाम में शामिल होंगे। प्रबंध समिति के सचिव मेजर डॉ. एसपी सिंह ने बताया कि कॉलेज के नौ कमरों में सुबह सात बजे 525, दोपहर साढ़े 11 बजे 800 और शाम को 3 से 6 बजे तक होने वाली परीक्षा में 700 परीक्षार्थी शामिल होंगे। गायत्री पीजी कॉलेज रिसिया के प्राचार्य डॉ. अशोक कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि सुबह की परीक्षा में 68, दोपहर की परीक्षा में 55 और शाम की परीक्षा में 81 छात्र शामिल होंगे। शिवांशु सुशील महाविद्यालय सुहापारा के संस्थापक आनंद मोहन प्रधान ने बताया कि शनिवार को 150 छात्राएं और बुधनीदेवी रिसिया के प्रबंधक गणेश प्रसाद ने बताया कि परीक्षा में 320 छात्र-छात्राएं शामिल होंगे।