महसी। इलाके के विकास को गति देने के लिए सोमवार को 40 परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया। ब्लॉक सभागार में आयोजित कार्यक्रम में विधायक सुरेश्वर सिंह ने 3.66 करोड़ रुपये की लागत वाली इन योजनाओं का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर विधायक ने क्षेत्र की जनता के लिए एक बड़ी घोषणा करते हुए बताया कि महसी विकासखंड में जल्द ही 11.5 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक कार्यालय और नए भवनों का निर्माण कराया जाएगा। इससे प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता और सुगमता बढ़ेगी।
विधायक सुरेश्वर सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार पंडित दीनदयाल उपाध्याय, अटल बिहारी वाजपेयी और श्यामा प्रसाद मुखर्जी के पदचिह्नों पर चल रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का मूल मंत्र अंत्योदय है, जिसका उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
कार्यक्रम में नानपारा चीनी मिल के निदेशक अखंड प्रताप सिंह, ब्लॉक प्रमुख महसी कृष्णा देवी, ब्लॉक प्रमुख फखरपुर रणवीर सिंह, मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र शुक्ला, जिला प्रतिनिधि संजय त्रिवेदी, जिला उपाध्यक्ष राम निवास जायसवाल, जिला मंत्री शशिकांत त्रिपाठी, एसडीएम महसी प्रकाश सिंह, बीडीओ अरुण श्रीवास्तव, अनुष्का श्रीवास्तव, सुरेश प्रसाद, सीडीपीओ सीमा इस्राइल, विद्याधर वाजपेयी, शैलेंद्र सिंह व मुख्तार चौहान सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।