कतर्नियाघाट में शनिवार देर शाम हाथियों के उत्पात में सरकारी आवास की बाउंड्रीबॉल।
बिछिया। कतर्नियाघाट के घड़ियाल सेंटर में शनिवार देर शाम करीब 40 हाथियों का झुंड घुस गया। हाथियों ने चिंघाड़ते हुए सरकारी आवास की बाउंड्रीवाॅल तोड़ दी और कस्टम विभाग के मुख्य गेट को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद झुंड काफी देर तक सेंटर की इंटरलॉकिंग पर घूमता रहा।
हाथियों के अचानक परिसर में पहुंचने से ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों में अफरातफरी मच गई। सभी ने सुरक्षित दूरी बनाकर हांका लगाना शुरू किया। सूचना पर रेंजर आशीष गौड़ वनकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने टॉर्च की रोशनी और हांका लगाकर काफी मशक्कत के बाद हाथियों को परिसर से बाहर निकाला और जंगल की ओर खदेड़ा। वन क्षेत्राधिकारी ने बताया कि हाथियों ने सरकारी आवास की बाउंड्रीवाॅल को धक्का देकर गिरा दिया। इसके अलावा कस्टम विभाग का मुख्य गेट भी क्षतिग्रस्त कर दिया, नुकसान का आकलन किया जा रहा है।