शहर और ग्रामीण क्षेत्रों को संवारने के लिए जिला पंचायत की ओर से 39 करोड़ रुपये की कार्ययोजना को मंजूरी दी गई है। इस बजट से सड़कों का निर्माण होगा। जलभराव रोकने के लिए नालियां दुरुस्त की जाएंगी। ग्रामीण क्षेत्रों में बने करीब 21 कांजी हाउस के पुनर्निर्माण और उच्चीकरण के कार्य कराए जाएंगे।
उधर, जिला पंचायत ने वित्तीय वर्ष 2019-20 के लिए 41 करोड़ रुपये के कार्यों का भी प्रस्ताव तैयार किया है। इसे भी जल्द ही मंजूरी मिलने के आसार हैं। जिला पंचायत की ओर से बहराइच शहर के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में भी विकास कार्य कराए जाते हैं।
जिला पंचायत द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों के कस्बों और बाजारों को विकसित किए जाने की दिशा में काम किया जा रहा है। जिला पंचायत अध्यक्ष नदीम मन्ना ने बताया कि सड़कों की हालत काफी खराब है। इसको देखते हुए जिला पंचायत की कार्ययोजना में 39 करोड़ रुपये की कार्य योजना को मंजूरी प्रदान की गई है।
इसके तहत इन सभी कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों में इंटरलॉकिंग और सीसी रोड का निर्माण कराया जाएगा। जलनिकासी की समस्या को दूर करने के लिए नाली और नाले बनाने का काम भी होगा।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने बताया कि वार्षिक योजना में कार्य योजना को मंजूरी प्रदान की गई है। वित्तीय वर्ष 2019-20 के लिए 41 करोड़ रुपये की कार्य योजना का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इसे भी जल्द ही मंजूरी मिल जाएगी।
इन जगहों का होगा कायाकल्प
जनपद के कैसरगंज, महसी बाजार, पयागपुर बाजार, रुपईडीहा बाजार, मिहींपुरवा कस्बा समेत अन्य बाजारों में सड़कों की हालत खराब है। नालियां टूटी होने से सड़क पर जलभराव की समस्या रहती है। इन जगहों का भी कायाकल्प किया जाएगा।
जिला पंचायत सदस्यों के प्रस्ताव होंगे शामिल
जिला पंचायत सदस्यों ने प्रस्ताव रखा कि लोक निर्माण विभाग द्वारा कार्य योजना प्रस्तुत की जाती है, समें जिला पंचायत सदस्यों द्वारा सड़कों के निर्माण के लिए दिए जाने वाले प्रस्तावों को भी शामिल किया जाए। इसे बैठक में सर्वसम्मति से पारित किया गया।
कांजी हाउसों की संवरेगी दशा
जिला पंचायत अध्यक्ष ने बताया कि सरकार गोवंश संरक्षण की दिशा में काम कर रही है। इसको देखते हुए जिला पंचायत की कार्य योजना में कांजी हाउसों की दशा सुधारने के लिए भी व्यवस्था की गई है। कांजी हाउसों पर बांधे जाने वाले मवेशियों के लिए टीनशेड, चारा की व्यवस्था आदि के काम कराए जाएंगे।