बहराइच। जिले में कोरोना संक्रमण लगातार बढ़ता ही जा रहा है। सोमवार को जारी की गई रिपोर्ट में एआरटीओ प्रवर्तन और एआरटीओ प्रशासन व मिहींपुरवा के एक शिक्षक समेत 38 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इसके बाद एआरटीओ कार्यालय को 48 घंटे के लिए बंद करा दिया गया है।
कोरोना संक्रमण थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी की गई जांच रिपोर्ट में 38 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसमें सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन अशोक कुमार और सहायक संभागीय प्रवर्तन अधिकारी प्रशासन वीरेंद्र सिंह के भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इससे हड़कंप मच गया। इसके बाद एआरटीओ कार्यालय को 48 घंटे तक बंद रखने का आदेश जारी किया गया है। सैनिटाइजेशन के बाद अब कार्यालय बुधवार को खोला जाएगा।
वहीं मिहींपुरवा के प्राथमिक विद्यालय द्वितीय उर्रा में कार्यरत सहायक अध्यापक अनुराग अवस्थी भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं, जिसके बाद भी स्कूल को बंद नहीं किया गया है। सीएमओ डॉ. राजेश मोहन ने बताया कि 38 लोग कोरोना संकमित मिले हैं। उन्होंने बताया कि रविवार को 1740 सैंपल भेजे गए थे। जिसमें 1688 सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव आई है, जबकि 672 सैंपल की रिपोर्ट आना बाकी है।