बहराइच। दीवानी न्यायालय सभागार में मंगलवार को जिला अधिवक्ता संघ के चुनाव के लिए नामांकन काफी गहमागहमी के बीच हुआ। इस दौरान संघ के 12 पदों पर होने वाले चुनाव के लिए 33 प्रत्याशियों ने पर्चा दाखिल किया है। अब सभी प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला 17 मार्च को 1252 अधिवक्ता मतदाता करेंगे। नामांकन प्रक्रिया के साथ कचहरी में प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार प्रसार का सिलसिला भी तेज हो गया है।
दीवानी न्यायालय के सभागार में एल्डर कमेटी के प्रभारी चेयरमैन अवधेश रमन प्रताप सिंह की देखरेख में नामांकन का कार्य सुबह 11 बजे से प्रारंभ हुआ। तीन बजे तक गहमागहमी के बीच में चले नामांकन के दौरान अध्यक्ष पद के लिए सूबेदार मिश्रा, मदनगोपाल त्रिपाठी, देवेंद्र सिंह, श्रवण कुमार निगम, ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने अपने-अपने समर्थकों के साथ पर्चा दाखिल किया। महामंत्री पद के लिए कृष्णकुमार ओझा, चंद्रवीर सिंह, पुष्पांजलि नाथ मिश्रा, प्रमोद कुमार श्रीवास्तव आजाद ने पर्चा दाखिल किया।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष के लिए उदयभान सिंह चौहान, भगवती प्रसाद पाठक, मायाराम आजाद, अजय कुमार मिश्रा तथा उपाध्यक्ष के दो पदों के लिए अभिमन्यू सिंह, कुलभूषण मिश्र, नसरीन बेगम, कनिष्ठ उपाध्यक्ष के पद के लिए अभिषेक कुमार द्विवेदी, माधुरीलता मिश्रा, ट्रेजरार के लिए किशोरीलाल चौधरी, शंकर दयाल ने पर्चा दाखिल किया। संयुक्त मंत्री प्रशासन पद के लिए अनिल कुमार मिश्र, रमन कुमार सिंह, संयुक्त मंत्री पुस्तकालय के लिए उमाशंकर मिश्र व संयुक्त मंत्री प्रकाशन के पद पर अजय कुमार पांडेय, सतीश पाठक ने समर्थकों के साथ पर्चा जमा किया।
इसके अलावा सदस्य शासी परिषद वरिष्ठ के 6 सदस्य पदों पर रितेश श्रीवास्तव, शान्तनु कुमार श्रीवास्तव, पवन कुमार श्रीवास्तव, महेश कुमार सिंह, धर्मराज विश्वकर्मा, अनिल कुमार शुक्ला व शासी परिषद कनिष्ठ 6 सदस्य के पदों पर शान्तनु श्रीवास्तव व अखिलेश कुमार अवस्थी ने अपना-अपना पर्चा दाखिल किया। नामांकन के दौरान एल्डर कमेटी के सदस्य गोविंद प्रसाद अग्रवाल, शिवनाथ सिंह, शोभाराम चौधरी, संघ के अध्यक्ष कृष्ण मोहन श्रीवास्तव व महामंत्री रामपाल शुक्ला, चुनाव सहयोगी सुधीर गौड़, फारूक अहमद खान, बशारतउल्ला खां व प्रदीप कुमार मिश्रा मौजूद रहे।
सात पदों पर निर्विरोध निर्वाचन तय
जिला अधिवक्ता संघ के चुनाव में मंगलवार को नामांकन पत्र दाखिल करने के दौरान संयुक्त मंत्री पुस्तकालय के पद पर महज एक प्रत्याशी उमाशंकर मिश्र ने ही अपना पर्चा दाखिल किया। सदस्य शासी परिषद के वरिष्ठ सदस्य के 6 पदों पर भी रितेश श्रीवास्तव, शांतनु कुमार श्रीवास्तव, पवन कुमार श्रीवास्तव, महेश कुमार सिंह, धर्मराज विश्वकर्मा, अनिल कुमार शुक्ला ने ही अपना-अपना पर्चा दाखिल किया है। इसलिए इन पदों पर प्रत्याशियों का निर्विरोध चुना जाना तय माना जा रहा है।