बहराइच/बिछिया। सरयू नदी के जलस्तर में बुधवार को भी उतार-चढ़ाव का दौर जारी रहा। शाम चार बजे एल्गिन ब्रिज पर नदी का जलस्तर 106.04 मीटर दर्ज हुआ, जो खतरे के निशान 106.07 मीटर से महज तीन सेंटीमीटर नीचे है। इसी बीच चौधरी चरण सिंह गिरिजापुरी समेत तीन बैराजों से करीब 3.18 लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने से जंगल से सटे निचले इलाकों में बाढ़ का संकट फिर गहरा गया है। सुजौली क्षेत्र के नौ गांव पानी से घिर गए हैं। कई जगह आवागमन बाधित है और खेतों में पानी भरने से फसलों पर भी संकट मंडरा रहा है। पानी की यही स्थिति बनी रही तो बृहस्पतिवार सुबह तक महसी क्षेत्र में भी बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होने की आशंका है।
सुजौली थाना क्षेत्र के रामपुर रेतिया, संपतपुरवा, गुप्तापुरवा, धरमपुर रेतिया, त्रिलोकी गौढ़ी, टिलवा, मुजवा, चहलवा और मौरहवा समेत करीब दर्जनभर गांवों में अलर्ट जारी कर दिया गया है, इससे ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। रामपुर रेतिया के दशरथपुरवा में बाढ़ का पानी गांव में घुसने लगा है। गांव को जोड़ने वाली पुलिया के ऊपर पानी बहने से आवागमन प्रभावित हो गया है।
चहलवा समेत नौ गांवों में खेतों में पानी भरने लगा है। ग्रामीणों का कहना है कि जलस्तर इसी तरह बढ़ता रहा तो रात में घरों तक पानी पहुंच सकता है। वहीं मौरहवा में कटान ने नई चिंता खड़ी कर दी है। नदी किनारे लगा निजी कंपनी का मोबाइल टाॅवर अब नदी से महज 20 मीटर दूर रह गया है। तेज कटान के चलते टाॅवर पर भी खतरा मंडरा रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल कटानरोधी उपाय कराने की मांग की है। वहीं, उपजिलाधिकारी मोनालिसा जौहरी ने बताया कि प्रभावित गांवों में राजस्व टीमें लगी हुई हैं। हालात पर नजर रखी जा रही है।
राहत-बचाव के इंतजाम पर सवाल
बाढ़ का पानी गांवों की ओर बढ़ने के बावजूद ग्रामीणों का कहना है कि राहत और बचाव कार्य प्रभावी रूप से दिखाई नहीं दे रहा है। नदी किनारे बसे लोग रात में जलस्तर बढ़ने की आशंका को लेकर सहमे हुए हैं। प्रशासनिक स्तर पर स्थिति पर नजर रखे जाने की बात कही जा रही है, लेकिन प्रभावित गांवों में ग्रामीणों को तत्काल राहत और आवागमन की चिंता बनी हुई है।
बुधवार को जलस्तर की स्थिति
स्थान
जलस्तर
खतरे का निशान
डिस्चार्ज
शारदा बैराज 135.10 मीटर
135.49 मीटर
1,46,172 क्यूसेक
गिरिजापुरी बैराज 135.70 मीटर
136.78 मीटर
1,64,038 क्यूसेक
सरयू बैराज 130.70 मीटर
133.50 मीटर
8,284 क्यूसेक
तीनों बैराजों से सरयू नदी में छोड़ा गया पानी : 3,18,494 क्यूसेक
एल्गिन ब्रिज पर जलस्तर 106.04 मीटर, खतरे का निशान 106.07 मीटर
घूरदेवी महसी पर जलस्तर 112.16 मीटर, खतरे का निशान 112.15 मीटर