बहराइच। शहरी गरीबों के रहने के लिए प्रदेश सरकार की ओर से आसरा योजना चल रही है। जरवल में 48 मकानों की मल्टी स्टोरी बिल्डिंग का निर्माण हो रहा है। दो वर्ष पूर्व निर्माण शुरू हुआ था।
इसके लिए 248.79 लाख रुपये की लागत तय की गई थी। लेकिन दो साल में महंगाई बढ़ने से लागत 45.50 लाख रुपये से बढ़ गई। इस कारण निर्माण कार्य थम सा गया था।
अब सरकार ने बढ़ी लागत को जिले को आवंटित कर दिया है। इससे लोगों को जल्द आवास बनने की उम्मीद जगी है। यूपी सरकार ने शहरी गरीबों के लिए अल्पसंख्यक बाहुल्य क्षेत्रों तथा नगरीय मलिन बस्तियों के लिए आसरा योजना की शुरुआत की थी।
इसके तहत बहराइच जनपद के नगर पंचायत जरवल में भूमि को चयनित किया गया था। नगरीय विकास अभिकरण के द्वारा आवासों के निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया गया था।
जरवल में सामान्य वर्ग के लिए 20 और अनुसूचित जाति वर्ग के लिए 28 भवनों के निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया गया था। प्रस्ताव तैयार किए जाने पर निर्माण के लिए 248.79 लाख रुपये के बजट की जरूरत थी।
जिसमें अनुसूचित वर्ग के आवासों के लिए 145.13 लाख रुपये की मांग की गई थी। मगर बाद में लागत बढ़ने पर 28 आवासों के लिए 26.53 लाख रुपये की मांग की गई।
सामान्य वर्ग के 20 आवासों के लिए 103.66 लाख रुपये का प्रस्ताव तैयार किया गया था। बाद में लागत बढ़ने पर 18.94 लाख रुपये की और मांग की गई।
जिससे पूरी परियोजना की लागत में करीब 45.50 लाख रुपये का इजाफा हो गया। सरकार ने इस पैसे को डूडा को जारी कर दिया है। अब निर्माण कार्य जल्द पूरा होने की उम्मीद जतायी जा रही है।
महंगे सामानों से बढ़ी लागत
आसरा योजना के तहत जरवल नगर पंचायत में 48 आवासों का निर्माण कार्य चल रहा है। निर्माण कार्य के लंबे समय तक चलने और निर्माण सामग्री के महंगे होने के कारण लागत बढ़ गई है। अब बजट मिल गया है। निर्माण तेजी से पूरा कराने का प्रयास किया जा रहा है।
-संजय सिंह, परियोजना अधिकारी डूडा