बहराइच। बीएसए ने रिसिया और नवाबगंज विकासखंड के विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। गैरहाजिर चार प्रधानाध्यापक व दो सहायक शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर उनका वेतन रोक दिया। इन शिक्षकों पर विद्यालय ड्यूटी से अक्सर नदारद रहने के साथ ही स्कूल में पान-मसाला खाने और मिडडे-मील न बनवाने का आरोप है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्यामकिशोर तिवारी ने बताया कि रिसिया और नवाबगंज विकासखंड के स्कूलों से अक्सर शिकायतें मिलती थीं। इस पर विकासखंड रिसिया के प्राथमिक विद्यालय पंडोहिया का मुआयना किया गया। यहां पता चला कि प्रधानाध्यापक मोहम्मद इसराइल नियमित रूप से विद्यालय नहीं आते।
एमडीएम में लापरवाही बरती जा रही है। इसके अलावा प्रशासनिक व्यवस्था में भी काफी लापरवाही है। उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इसी विद्यालय के सहायक अध्यापक दुर्गा दास पटेल को भी ड्यूटी से अनुपस्थित रहने व शिक्षण कार्य में रुचि न लेने के कारण निलंबित किया गया है।
इसके बाद बीएसए ने प्राथमिक विद्यालय लोकई गांव का मुआयना किया। यहां के प्रधानाध्यापक जितेंद्र बहादुर ने मंगलवार 16 अक्तूबर को ही उपस्थिति पंजिका पर 20 अक्तूबर तक हस्ताक्षर बना दिया था। स्कूल में ट्रांजीशन रजिस्टर भी नहीं मिला। इस पर जितेंद्र बहादुर को निलंबित कर दिया गया।
बीएसए ने बताया कि विकासखंड नवाबगंज के जूनियर विद्यालय सेमरा रामनगर में प्रधानाध्यापक सहजाद अलीद्वारा स्कूल में गुटखा, पान-मसाला खाने की आदत है। यहां पर उपस्थिति 109 छात्रों के सापेक्ष 10 मिली। एमडीएम भी नहीं बन रहा है।
जूनियर विद्यालय जमुनहा नौबस्ता में प्रधानाध्यापिका विद्यावती द्वारा स्कूल से अक्सर जल्दी गायब होने, ट्रांजीशन रजिस्टर न बनाने के साथ ही मिडडेमील वितरण में लापरवाही की पुष्टि हुई। बीएसए ने कहा कि प्राथमिक विद्यालय अंटहवा में सहायक अध्यापिका प्रतिमा तिवारी के खिलाफ भी निलंबन की कार्रवाई की गई है।