बहराइच। जिला कारागार में बंद एक कैदी की शनिवार को हार्ट अटैक से मौत हो गई। जेल प्रशासन ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
पयागपुर थाना अंतर्गत ग्राम वैनी निवासी नत्थूराम (64) पुत्र रामरसीले तिवारी हत्या के मुकदमे में जेल में बंद था। उसे आजीवन कारावास की सजा मिली थी। 14 अक्तूबर 2015 से वह जेल में सजा काट रहा था। कैदी को हार्ट अटैक की बीमारी थी। जिसका इलाज लखनऊ केजीएमयू से चल रहा था। जेलर एसके सिंह ने बताया कि कैदी को शनिवार सुबह सीने में अचानक दर्द हुआ। कारागार के अस्पताल में इलाज शुरू हुआ लेकिन उसने दम तोड़ दिया। शव का पोस्टमार्टम करवाकर देर शाम परिवारीजनों को सौंप दिया गया।