बहराइच मेडिकल कालेज में शुक्रवार को वैक्सीन लगवाते सीएमओ।
- फोटो : BAHRAICH
बहराइच। कोरोना योद्धाओं को टीका लगाने के लिए तीसरे चरण के वैक्सीनेशन का कार्य गुरुवार से शुरू हुआ। शुक्रवार को दूसरे दिन भी वैक्सीनेशन 16 केंद्रों पर जारी रहा। मेडिकल कॉलेज में सीएमओ, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी, सीएमएस, एसएमओ समेत अन्य स्वास्थ्य कर्मियों ने वैक्सीनेशन का टीका लगवाया। साथ ही सभी को टीका लगवाने के लिए प्रेरित किया।
जिले में कोरोना योद्धाओं के तीसरे चरण का टीकाकरण गुरुवार से शुरू हुआ। दो दिन चलने वाले शिविर में 3900 कोरोना योद्धाओं को कोरोना टीका लगना था। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजेश मोहन श्रीवास्तव ने बताया कि 30 सत्र में 16 जगहों पर वैक्सीनेशन का कार्य शुक्रवार को हुआ। जिसमें मेडिकल कॉलेज व महिला अस्पताल के अलावा 14 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शामिल हैं। सीएमओ ने बताया कि शुक्रवार देर शाम तक सभी केंद्रों पर 2719 कोरोना योद्धाओं को टीका लगाया गया। इनमें चिकित्सक, एएनएम, आशा बहू, आंगनबाड़ी कार्यकत्री व बीपीएम शामिल रहे। मेडिकल कालेज में शुक्रवार को सीएमओ, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. वीपी वर्मा, नानपारा में अधीक्षक डॉ. चंद्रभान, कैसरगंज, रिसिया, फखरपुर, जरवल में स्वास्थ्य कर्मियों ने कोरोना वैक्सीन लगवाई। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी ने बताया कि जिन कोरोना योद्धाओं को टीका लगाया गया। सभी स्वस्थ्य हैं। किसी के ऊपर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं है।
सभी लगवाएं वैक्सीन, नहीं है कोई प्रभाव
मेडिकल कालेज में शुक्रवार को मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजेश मोहन श्रीवास्तव, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. वीपी वर्मा, एसीएमओ डॉ. तवरेज अहमद, डॉ. विपिन खंडारी, सीएमएस डॉ. डीके सिंह ने टीका लगवाया। सीएमओ ने कहा कि स्वदेशी वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है। ऐसे में किसी तरह भ्रम में न पड़ें। सभी कोरोना वैक्सीन लगवाएं। डीपीओ डॉ. वीपी वर्मा ने भी सभी से वैक्सीन लगवाने की बात कही। नानपारा सीएचसी अधीक्षक डॉ. चंद्रभान ने कहा कि टीका लगवाने से कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं है। पयागपुर सीएचसी में आरआई नोडल डॉ. विकास, अधीक्षक डॉ. मृत्युंजय पाठक, बीपीएम अनुपम शुक्ला ने वैक्सीन लगवाते हुए लोगों से टीका लगवाने की बात कही। जरवल सीएचसी के डॉ. रईश ने टीका लगवाया। उन्होंने कहा कि वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है। सभी टीका लगवाएं।