बहराइच। नवाबगंज के खंड विकास अधिकारी व वृद्ध समेत 26 लोग कोरोना पॉजिटिव आए हैं। खंड विकास अधिकारी को होम आइसोलेट करा दिया गया है जबकि वृद्ध को कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शहर क्षेत्र के तीन संक्रमितों को होम आइसोलेट करा दिया गया है।
उधर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नानपारा, चरदा समेत कई गांवों में बुधवार को कोरोना जांच शिविर लगा। इसमें एंटीजन और आरटीपीसीआर जांच के लिए भेजा गया। आरटीपीसीआर जांच की रिपोर्ट दो दिन बाद जारी की जाएगी।
कोरोना संक्रमण का ग्राफ नीचे आता जा रहा है। प्रतिदिन 15 से 20 संक्रमित ही मिल रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर जारी की गई रिपोर्ट में बुधवार को 26 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। सीएचसी चरदा के अधीक्षक डॉ. अर्चित श्रीवास्तव ने बताया कि खंड विकास अधिकारी कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। उन्हें होम आइसोलेट करा दिया गया है जबकि बलहा के हांड़ा बसहरी निवासी 62 वर्षीय वृद्ध भी कोरोना पॉजिटिव निकला है। उसे एंबुलेंस से एल-1 अस्पताल रिसिया में भर्ती कराया गया है।
पयागपुर के अधीक्षक डॉ. एनबी जायसवाल ने बताया कि कुलई और शुक्लपुरवा गुरुचाही गांव निवासी एक-एक ग्रामीण कोरोना संक्रमित निकला है। दोनों को होम आइसोलेट करा दिया गया है। सीएमओ डॉ. राजेश मोहन श्रीवास्तव ने बताया कि कुल 26 संक्रमित मिले हैं। इनमें गंभीर लक्षण के संक्रमितों को कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है जबकि अन्य को होम आइसोलेट करा दिया गया है।
उधर, रिसिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉ. एएन चौबे ने बताया कि बुधवार को शिविर का आयोजन हुआ जिसमें 61 एंटीजन और 45 लोगों की आरटीपीसीआर जांच की गई। पयागपुर के अधीक्षक डॉ. एनबी जायसवाल ने बताया कि 33 एंटीजन और 11 आरटीपीसीआर जांच हुई। नवाबगंज के ब्लॉक मुख्यालय परिसर में 42 एंटीजन और 35 आरटीपीसीआर जांच हुई।
अधीक्षक डॉ. अर्चित श्रीवास्तव ने बताया कि दर्जी गांव में 36 एंटीजन और 20 आरटीपीसीआर जांच हुई जबकि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चरदा में 21 एंटीजन और नौ आरटीपीसीआर जांच की गई। नानपारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. चंद्रभान ने बताया कि परिसर में लगे शिविर में 57 लोगों की एंटीजन व 22 लोगों की आरटीपीसीआर जांच हुई। कुल 250 एंटीजन जांच हुईं जबकि 142 लोगों की आरटीपीसीआर जांच हुई। आरटीपीसीआर सैंपल जांच के लिए लखनऊ भेजा गया है।