फखरपुर सीएचसी अंतर्गत बहेलिया गांव में खसरे का प्रकोप है। एक सप्ताह से गांव में 26 लोग खसरे की चपेट में आ चुके हैं। ग्रामीणों ने इसकी सूचना स्वास्थ्य विभाग को दी थी, लेकिन कोई भी अभी तक गांव नहीं पहुंचा है। ग्रामीणों में स्वास्थ्य विभाग के प्रति आक्रोश है।
बहेलिया गांव में गत एक सप्ताह से खसरे का प्रकोप जारी है। गांव निवासी नेहा गौड़ (18), जूली (17), शकुंतला (45), साक्षी (10), सृष्टि (8), शौर्य (1.5), निशा पांडेय (15), ऊषा (12), दीपिका (15) समेत 26 लोग खसरे की चपेट में है।
गांव निवासी लल्लन गौड़ का कहना है कि तीन दिन पूर्व फखरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के कर्मियों को संक्रमण फैलने की सूचना दी गई थी, लेकिन अभी तक कोई भी नहीं पहुंचा है। गांव में टीकाकरण भी नहीं किया गया है।
ग्रामीण झोलाछाप से इलाज कराने को मजबूर हैं। उधर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. डीआर सिंह ने बताया कि इस बाबत कोई जानकारी नहीं है। अब गांव में जिला संक्रामक रोग विभाग की टीम को भेजकर पीड़ितों का इलाज करवाया जाएगा।