नानपारा विद्युत उपकेंद्र बिजली अधिकारियों से नयेे उपकेंद्र की स्थापना के बारे में जानकारी लेते
नानपारा (बहराइच)। विधान सभा नानपारा व बलहा क्षेत्र के विद्युत उपभोक्ताओं को अब लो वोल्टेज की समस्या से परेशान नहीं होना पड़ेगा। इसके लिए विभाग की ओर से नानपारा में 220 केवीए विद्युत उपकेंद्र बनाने के लिए शासन ने अनुमति प्रदान की है। शासन की ओर से उपकेंद्र बनाने के लिए पांच हेक्टेयर भूमि उपलब्ध कराने के लिए निर्देश दिए गए हैं।
विधानसभा क्षेत्र नानपारा व बलहा विद्युत उपकेंद्रों पर अभी तक 132 केवीए से सप्लाई दी जा रही है। लोड अधिक होने के कारण हमेशा लो वोल्टेज की समस्या बनी रहती है। इसको लेकर पूर्व सांसद अक्षयवर लाल गोंड ने उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन व शासन को पत्र लिखकर नानपारा तहसील क्षेत्र में 220 केवीए विद्युत केंद्र की स्थापना करने की मांग की थी।
समस्या को संज्ञान में लेते हुए शासन नेनया उपकेंद्र बनाए जाने की अनुमति प्रदान की है। शासन ने शीघ्र ही भूमि उपलब्ध कराने के लिए पत्र भेजा है। इस संबंध में मंगलवार को पूर्व सांसद अक्षयवर लाल गोंड ने नानपारा विद्युत उपकेंद्र पहुंचकर अधिशासी अभियंता रंजीत कुमार से जानकारी ली। पूर्व सांसद ने बताया कि उन्होंने जिलाधिकारी मोनिका रानी व मुख्य राजस्व अधिकारी से उपकेंद्र की स्थापना के लिए भूमि उपलब्ध कराने की मांग की है। इसपर सीआरओ ने उप जिलाधिकारी नानपारा अश्वनी पांडेय को पत्र लिखकर भूमि उपलब्ध कराए जाने का अनुरोध किया है।
निर्बाध रूप से मिलेगी बिजली
अधिशासी अभियंता रंजीत कुमार ने बताया कि विद्युत केंद्र की स्थापना होने से विधानसभा क्षेत्र नानपारा व बलहा के उपभोक्ताओं को निर्बाध रूप से बिजली मिलेगी। इस क्षेत्र में स्थापित विद्युत उपकेंद्र मोतीपुर, कैलाशपुरी, रायबोझा, साहाबा रुपईडीहा, बंजारन टाड़ा, उर्रा व रामपुर धोबियाहार पर विद्युत सप्लाई सुचारू रूप से रहेगी। इन क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को लो वोल्टेज की समस्याओं से निजात मिलेगी।