बहराइच। नेशनल हाईवे पर गुरुवार की देर रात एक कार अचानक धू-धू कर जलने लगी। शादी समारोह में शामिल होने जा रहे कार मालिक ने किसी तरह कूदकर अपनी जान बचाई। फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
शहर के सिविल लाइंस निवासी आशीष कुमार बाल्मीकि गुरुवार को एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए निकले थे। उनको नानपारा जाना था। शहर से सटे नेशनल हाईवे बाराबंकी-रुपईडीहा पर स्थित अकेलवा बाजार के निकट पहुंचते ही उनकी कार के इंजन से धुआं निकलना शुरू हो गया।
धुआं निकलते देखकर कार रोकी थी। तभी इंजन से आग की तेज लपटें उठनी शुरू हो गईं। उन्होंने कार से निकलकर अपनी जान बचाई। इसके बाद पुलिस और फायरब्रिगेड को सूचना दी गई। फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने किसी तरह से आग को काबू में किया। अग्निशमन अधिकारी शिवकुमार मिश्रा ने बताया कि कार में सवार लोगों को कोई नुकसान नहीं हुआ। हालांकि कार पूरी तरह से जल चुकी है।