पति समेत चार के खिलाफ दहेज हत्या का केस, आरोपी फरार
बहराइच। दहेज के लिए एक गर्भवती विवाहिता को ससुरालीजनों ने मंगलवार रात लाठियों से पीटा। उसे अस्पताल पहुंचाया गया। यहां विवाहिता ने बेटी को जन्म दिया। इलाज के दौरान विवाहिता की मौत हो गई। इस मामले में मृतका के पिता ने पति समेत चार लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज कराया है। आरोपी फरार हैं। उनकी तलाश में दबिश दी जा रही है।
हरदी थाना अंतर्गत शिवबख्शपुरवा गांव निवासी लक्ष्मी देवी (20) का विवाह डेढ़ वर्ष पूर्व डिहवा गांव निवासी देवेश के साथ हुआ था। लक्ष्मी के पिता का कहना है कि विवाह के छह महीने तक सबकुछ ठीकठाक रहा था। लेकिन इसके बाद बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा। इस समय लक्ष्मी आठ माह के गर्भ से थी।
इसके बावजूद ससुरालीजन मारते-पीटते थे। मंगलवार रात को उसे लाठियों से पीटा। हालत बिगड़ गई। इस पर लक्ष्मी को महसी अस्पताल पहुंचाया गया। वहां पर इलाज के दौरान बेटी को जन्म दिया। लेकिन इलाज के दौरान चोट और खून की कमी के चलते लक्ष्मी ने दम तोड़ दिया।
पिता ने बताया कि बेटी को ससुराल के लोग भूखा रखते थे। खाना भी नहीं देते थे। इस कारण वह अरसे से बीमार भी चल रही थी। थानाध्यक्ष राजेंद्र वर्मा ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर पर दहेज हत्या का केस दर्ज किया गया है। आरोपी पति, सास, ससुर और देवर फरार हैं। तलाश में दबिश दी जा रही है।