बिछिया। स्कूल से छुट्टी के बाद घर लौट रहे तीन छात्र एक पेड़ पर चढ़कर फल तोड़ने लगे। तभी एचटी लाइन की चपेट में आकर तीनों झुलसकर जमीन पर आ गिरे। छात्रों को स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। एक छात्र की हालत नाजुक है।
सुजौली थाना अंतर्गत विशुनापुर गांव कतर्नियाघाट सेंक्चुरी परिक्षेत्र में स्थित है। शनिवार को गांव निवासी कक्षा एक का छात्र नीरज (8) पुत्र परदेसी, मंजीत (9) पुत्र मिट्ठू कक्षा दो व समीर (11) पुत्र संतोष कुमार स्कूल गए थे। दोपहर एक बजे के आसपास छुट्टी हुई तो तीनों छात्र घर को चले।
रास्ते में लगे बिलोर के पेड़ में लगे फल को देखकर तीनों छात्र बस्ता नीचे रखकर पेड़ पर चढ़कर फल तोड़ने लगे। पेड़ की एक डाल किनारे से गुजर रही एचटी लाइन को छू रही थी। जब छात्र फल तोड़ रहे थे, उसी समय विद्युत सप्लाई शुरू हो गई। बरसात के कारण पेड़ की डाल गीली थी।
तीनों छात्र करंट से झुलसकर जमीन पर आ गिरे। चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े। सूचना पाकर परिवारीजन भी पहुंचे। आनन-फानन में तीनों को विशुनापुर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाकर भर्ती कराया गया।
नीरज की हालत गंभीर है। अन्य दोनों छात्र भी झुलसे हैं। डॉक्टर ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की सूचना रेंज कार्यालय कतर्नियाघाट व विद्युत उपकेंद्र को भी दी गई है। लेकिन कोई भी अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा है।