बहराइच। दीपावली आज है। जिसके चलते गेंद घर मैदान में पटाखा बाजार में धूम है। जमकर खरीदारी हो रही है। स्वीट सिक्सटीन, राकेट और अनार डांस-डांस जैसे पटाखे आकर्षण का केंद्र हैं। महताब, चटाई, फुलझड़ी और दिल मांगे मोर आसमानी पटाखा भी आकर्षण चुरा रहे हैं। 5 रुपए से 5000 रुपए तक के शिवाकाशी के पटाखे की मांग अधिक है।
पंच पर्व दीपावली पटाखा बिन सूना लगता है। इस बार भी गेंद घर मैदान में पटाखा बाजार सजा हुआ है। बुधवार को दूसरे दिन बाजार में सुबह से देर शाम तक खरीददारी का दौर चला। इस बार 42 अस्थायी और सात स्थायी दुकानें स्थापित हुई हैं। जिन पर पटाखे की बिक्री हो रही है। धमाके वाले पटाखे खरीदने से लोग परहेज कर रहे हैं। पटाखा व्यवसाई खालिद और ताहिर हुसैन ने बताया कि रोशनी वाले पटाखे के साथ शिवाकाशी में बने स्वीटसिक्सटीन, सिक्सटीन शाट, 30 शाट्स, ट्वेल्व कलर, सेवन कलर, मैजिक फाउंटेन, सीटीवाली जलेबी, सुपर राकेट, राकेट राकेट सीटी, राकेट ल्यूनिक, राकेट टू साउंड, दो आवाजा, क्लासिक गोला व आसमानी पटाखो में कलर क्वीन, ब्लू चेरी, गोल्डेन स्टार, व क्लासिक पटाखों की मांग अधिक है। अनार डांस-डांस लुभा रहा हैं।
पूरी रात गुलजार रहेगा बाजार
पटाखा बाजार दीपावली तक रात दिन गुलजार रहेगा। बाजार में सुरक्षा के मद्देनजर चार पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा अग्निशमनदस्ता भी दमकलवाहन के साथ मुस्तैद है। अग्निशमन अधिकारी शिवकुमार मिश्र ने दुकानदारों को एहतियात बरतने के निर्देश दिए। पटाखा व्यवसाइयों के लाइसेंस भी चेक किए। वहीं पटाखा बाजार में पटाखा एसोसिएशन की ओर से लाइट की व्यवस्था कराई गई है। इसके अलावा मुख्य द्वार की सजावट की गई है। इसके अलावा सभी दुकानों के सामने बालू की दो बोरियां, पानी के ड्रम और सीज फायर भी रखे हुए हैं।
कहां जाते हैं बचे पटाखे
प्रतिवर्ष अस्थाई दुकानदारों की संख्या में इजाफा हो रहा है। लेकिन दीपावली समाप्ति के बाद अस्थाई दुकानदारों को पटाखा रखने और करोबार की अनुमति नहीं होती। ऐसे में यह सवाल उठ रहा है कि दीपावली की बिक्री से बचे पटाखे कहां रखे जाते हैं। इस ओर जिला प्रशासन भी ध्यान नहीं देता। जबकि आम दिनों में सिर्फ स्थायी दुकानदारों को ही चेक किया जाता है।
कोई दादा के साथ तो कोई भाई-बहन के साथ करेगा आतिशबाजी
शहर के पटाखा बाजार में बुधवार शाम को पटाखा खरीदने पहुंचे अंशुमन और अभय ने कहा कि वह दादा के साथ आतिशबाजी कर दीपावली का जश्न मनाएंगे। वहीं सगे भाई सूर्यांश और आर्यांश दीपावली को लेकर उत्साहित नजर आए। बोले भाई-बहन के साथ परिवार की मौजूदगी में पटाखा छोड़कर दीपावली की खुशियां मनाएंगे।