बहराइच। दोस्ती नाम है सुख-दुख के अफसाने का, ये राज है सदा मुस्कराने का, ये पल दो पल की रिश्तेदारी नहीं, ये तो फर्ज है उम्र भर निभाने का...। शायद ही कोई ऐसा व्यक्ति हो जिसका कोई मित्र न हो। धरती पर जन्म के साथ खून के रिश्ते तो तोहफे में मिलते हैं, लेकिन दोस्ती ऐसा अनमोल तोहफा है जिसे हम और आप तय करते हैं। दोस्ती के जश्न का खास दिन, फ्रेंडशिप डे है। इस दिन को मनाने के लिए लगभग हर वर्ग में उल्लास, उमंग व जीवन भर साथ निभाने के संकल्प की बेकरारी है। फ्रेंडशिप-डे को कैसे मनाएं? इस पर शनिवार को अमर उजाला ने कुछ बुजुर्गों को कुरेदा तो उनकी मित्रता की अनमोल झलक सामने आयी। पेश है रिपोर्ट-
अनमोल होती है दोस्ती, सुख-दुख में होता है साथ
कहने को तो हर इंसान के थोक के भाव में दोस्त होते हैं। लेकिन सच्चा दोस्त कामयाबी के रास्ते पर ले जाने के लिए सहायक साबित होता है, यह कहना पयागपुर के कोटबाजार निवासी सेवानिवृत्त प्रवक्ता परमेश्वर सिंह का। उन्होंने कहा कि वर्ष 1958 में इंटर की शिक्षा के दौरान इकौना निवासी तुलाराम शुक्ला से बलरामपुर में जान पहचान हुई थी। शिक्षक बनने के बाद वर्ष 1967 में केवी इंटर कॉलेज में तुलाराम शुक्ला भी शिक्षक बनकर पयागपुर आए। फिर सुखदुख में साथ निभाने का वादा किया। परमेश्वर सिंह ने बताया कि कोट बाजार में उन्होंने मित्र तुलाराम के साथ जमीन खरीदी। एकसाथ मकान बनवाया। निरंतर सुखदुख में सहयोगी बन रहे हैं। सेवानिवृत्त होने के बावजूद दोनों मित्र समाज के लिए मिशाल हैं। परमेश्वर सिंह व तुलाराम का कहना है कि बाजार में समाज के उत्थान के लिए बैठक कर सभी रूपरेखा तय करते हैं। उस पर क्षेत्र के लेाग अमल भी करते हैं।
अच्छे दोस्त के चुनाव की जरूरत
जिंदगी की ऐसी कोई राह नहीं जहां दोस्त न मिले, लेकिन सही दोस्त के चुनाव की जरूरत होती है। सही दोस्त जिंदगी में कई सकारात्मक बदलाव लेकर आता है। यह मानना है कैसरगंज के जमलदीपुर निवासी प्रगतिशील कृषक व समाजसेवी रघुराज प्रसाद वर्मा का। रघुराज ने बताया कि वर्ष 1997 में मुर्तिहा के कहरई गांव निवासी पुत्तीलाल में अपनी ससुराल में आकर रहने लगे। उसी समय मित्रता हुई। तब से मित्रता को नजर नहीं लगी है। उन्होंने कहा कि फ्रेंडशिप डे रविवार को मित्र पुत्तीलाल के नाम होगा। गौरतलब हो कि पुत्तीलाल समाजसेवा के साथ ही शिक्षण कार्य भी करते हैं।
युवा बोले दोस्तों से होगा मेल-मिलाप, करेंगे मौज-मस्ती
फ्रेंड्शिप डे को लेकर युवा भी काफी उत्साहित हैं। शहर निवासी विवेक और राहुल का कहना है कि फ्रेंड्शिप का दिन मित्रों के नाम होता है। सभी दोस्तों को खास जगह पर एकत्रित कर फ्रेंडशिप डे मनाया जाएगा। जिसकी तैयारी पूरी कर ली गई है। जीवन में दोस्ती के मायने अलग हैं। खास दिन का भरपूर आनंद उठाया जाएगा। दोस्तों संग फुलऑन मौज मस्ती होगी। आउटिंग का भी प्लान बन रहा है। दोस्ती के लिए खास दिन को खास बनाने के लिए तैयारी पूरी हो गई है। इस मौके पर जीवन में कई ऐसे दोस्त मिले जो किन्हीं परिस्थितियाें वश रूठ गए, इन रूठे दोस्तों को मनाने के लिए खास इंतजाम किया गया है। शुरूआत फ्रेंडशिप डे की बधाई संदेश से होगी, फिर उनके साथ जश्न मनाया जाएगा।