बसपा का नाम मत लीजिए, समय पर करूंगा मायावती का भंडाफोड़
नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कहा, बहन जी के लिए बेटी की कुर्बानी दी, उसे भी भूल गईं
बहराइच। बसपा से निकाले जाने के बाद नसीमुद्दीन सिद्दीकी गुरुवार को पहली बार बहराइच पहुंचे। उन्होंने कहा कि बसपा का नाम मत लीजिए। पहल नहीं करूंगा, लेकिन अगर आरोप लगते हैं तो समय पर मायावती का भंडाफोड़ करूंगा। बहन जी के लिए बेटी की कुर्बानी दे दी। वह उसे भी भूल गईं। हम नोट नहीं, जनता की समस्या और वोट की बात करते हैं। हालांकि नसीमुद्दीन ने प्रदेश सरकार के बारे में कुछ नहीं कहा।
बसपा से निकाले जाने के बाद राष्ट्रीय बहुजन मुक्ति मोर्चा के गठन की घोषणा कर संयोजक के रूप में नसीमुद्दीन सिद्दीकी बहराइच पहुंचे। उन्होंने शहर के काजीपुरा में पुराने कार्यकर्ता बाबू शाह के आवास पर कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। उसके बाद पत्रकारों से वार्ता की। बोले कि मोर्चा का गठन किया है। संगठन को मजबूत करना उद्देश्य है। बसपा की नीतियां मोर्चे में लागू होंगी। इस सवाल पर नसीमुद्दीन तमतमा गए। कहा कि बसपा का नाम न लीजिए। बहन जी के लिए बेटी की कुर्बानी दे दी, लेकिन उन्होंने पार्टी से निकालने का सिला दिया। अब मायावती के मामले में क्या खुलासा करेंगे, इस सवाल पर नसीमुद्र्दीन ने कहा कि वह पहल नहीं करेंगे। लेकिन अगर मायावती आरोप लगाती हैं तो उनका भंडाफोड़ पुख्ता सबूतों के साथ किया जाएगा। नसीमुद्दीन ने कहा कि शीघ्र ही मोर्चा पार्टी में तब्दील किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हम नोट नहीं वोट और जनता की समस्याओं की बात करते हैं।