मोतीपुर के इको पर्यटन केंद्र में पाठ्य सामग्री के साथ मौजूद मोगली विद्यालय के छात्र।
- फोटो : BAHRAICH
बहराइच। ग्लोबल टाइगर डे के अवसर पर स्पेशल टाइगर प्रोटेक्शन फोर्स की ओर से संचालित प्रकृति पाठशाला मोगली विद्यालय के 200 छात्रों को डब्ल्यूडब्ल्यूएफ इंडिया के सदस्यों ने पाठ्य सामग्री व खेलकूद का सामान बांटा। पठन-पाठन व खेलकूद सामग्री पाकर छात्रों के चेहरे खिल उठे।
मोतीपुर रेंज में मोगली विद्यालय का संचालन हो रहा है। इन छात्रों को वन विभाग की स्पेशल टीम एसटीपीएफ के जवान नि:शुल्क शिक्षा देते हैं। बाघों की सुरक्षा के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने बीते वर्षों में दुधवा टाइगर रिजर्व में पीएसी जवानों की तैनाती स्पेशल टाइगर प्रोटेक्शन फोर्स के रूप में की थी।
जिसकी एक टुकड़ी कतर्नियाघाट वन्य जीव प्रभाग में तैनात हैं। सब इंस्पेक्टर व प्लाटून कमांडर सतेंद्र कुमार ने आसपास के गांवों के उन बच्चों को पढ़ने के लिए प्रेरित किया, जो किसी कारण वश स्कूल नहीं जा पा रहे थे। धीरे-धीरे उनकी संख्या 200 पहुंच चुकी है। इन छात्रों को सरकारी सहायता न होने के कारण विभागीय अधिकारियों एवं डब्ल्यूडब्ल्यूएफ के सहयोग से पठन-सामग्री उपलब्ध कराई जाती है।
प्रभागीय वनाधिकारी जीपी सिंह व एसडीओ यशवंत ने एसटीपीएफ के कमांडेंट अभिनव यादव को उपरोक्त सामग्री प्रदान की। डब्ल्यूडब्लयूएफ के वरिष्ठ परियोजना अधिकारी दबीर हसन ने कहा कि ये ऐसे बच्चे जो जंगलों के करीब रहते हैं और उनको पर्यावरण की समझ को विकसित करने में शिक्षा का बहुत बड़ा योगदान है।