बहराइच। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर रन फॉर यूनिटी का आयोजन शहर व ग्रामीण अंचलों में किया गया। डीएम व एसपी की अगुवाई में कलेक्ट्रेट से दौड़ लगाई गई। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस व नागरिकों के साथ छात्रों ने भी दौड़ लगाई। एसएसबी के जवानों नेे भी मैराथन में हिस्सा लिया। जिले के करीब 25 स्थानों पर आयोजित हुए कार्यक्रमों में 20 हजार लोग शामिल हुए।
लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर गुरुवार को राष्ट्रीय अखंडता दिवस के अवसर पर जिले में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। मुख्य कार्यक्रम कलेक्ट्रेट परिसर में हुआ। यहां पर सुबह आठ बजे से आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिलाधिकारी शंभु कुमार ने पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद चौहान, अपर जिलाधिकारी जयचंद्र पांडेय व अन्य अधिकारियों के साथ सरदार वल्लभ भाई पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किये।
डीएम ने लोगों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलायी। इसके बाद जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रन फॉर यूनिटी को कलेक्ट्रेट परिसर से रवाना किया।
रन फॉर यूनिटी दौड़ डीएम तिराहा, पानी टंकी चैराहा से जेलरोड होते हुए पुलिस लाइन परेड ग्राउंड पर जाकर समाप्त हुई। रन फॉर यूनिटी दौड़ में जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, नगर मजिस्ट्रेट जय प्रकाश, उप जिलाधिकारी सदर रामचंद्र यादव, पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर टीएन दुबे, जिला विकास अधिकारी राजेश कुमार मिश्र, उपायुक्त एनआरएलएम सुरेंद्र कुमार गुप्ता व डीसी मनरेगा शेष मणि सिंह, जिला क्रीड़ा अधिकारी एआर अंसारी, डीपीएम एनएचएम डॉ. आरबी यादव, डीसीपीएम मोहम्मद राशिद, अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका पवन कुमार, नवीन चन्द्र शुक्ला, जिला प्रोबेशन अधिकारी वीपी वर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक राजेंद्र कुमार पांडेय, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एसके तिवारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी आरपी सिंह सहित अन्य अधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं, पुलिस बल के जवान, खिलाड़ी व तमाम आम लोग शामिल हुए।
उधर, एसएसबी मुख्यालय अगैया में पटेल जयंती के मौके पर अगैया चौराहे से एसएसबी मुख्यालय तक कमांडेंट एसके शर्मा व उदयप्रताप सिंह की अगुवाई में कृपाराम जन जागृति स्कूल के छात्रों ने दौड़ लगाई। कमांडेंट एसके शर्मा ने सभी को जीवन में एकता के सूत्र में बंधे रहने और सत्य के पथ पर चलने की शपथ भी दिलाई। जरवलरोड थाना क्षेत्र में रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया गया।
प्रभारी निरीक्षक बृजेंद्र पटेल की अगुवाई में सभी उपनिरीक्षक व सिपाहियों ने दौड़ लगाई। क्षेत्र के लोग भी दौड़ में शामिल हुए। इसी तरह रिसिया थाना क्षेत्र में भी प्रभारी निरीक्षक पीपी पांडेय की अगुवाई में रन फॉर यूनिटी के लिए पुलिसकर्मियों के साथ क्षेत्र के लोगों ने दौड़ लगाई। बाबागंज के रामप्यारे इंटर कॅालेज में भी स्कूल के छात्र-छात्राओं की ओर से प्रबंधक दिनेश शर्मा की अगुवाई में दौड़ का आयोजन किया गया।
स्कूलों में निकाली गई प्रभातफेरी
राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता दिवस पर प्राइमरी व पूर्व माध्यमिक विद्यालयों के छात्रों की ओर से प्रभातफेरी व रैली का आयोजन किया गया। लौह पुरुष वल्लभ भाई पटेल के जीवन, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता दिवस पर विद्यालयों के छात्रों के बीच स्लोगन राइटिंग, भाषण प्रतियोगिता व विचार गोष्ठी, सूचना एवं जन संपर्क विभाग द्वारा स्वतंत्रता संग्राम सेनानी विश्राम गृह के सभाकक्ष में राष्ट्रीय एकता एवं अखण्ंडता विषयक चित्र प्रदर्शनी लगायी गयी। कुष्ठ आश्रम में वृद्धजनों व कुष्ठ रोगियों को मिठाई का वितरण भी किया गया।
अगैया में एसएसबी द्वारा सरदार बल्लभ भाई पटेल की जयंती पर निकाली गई मैराथन दौड़ में प्रतिभाग करते - फोटो : BAHRAICH