आरटीआई कार्यकर्ता की हत्या में महिला सुपारी किलर गिरफ्तार
बहराइच/रामगांव। आरटीआई कार्यकर्ता व भाजपा बूथ अध्यक्ष मिंटू लोधी की हत्या में हनीट्रैप का एंगल सामने आया है। प्रधान प्रतिनिधि ने एक परिचित महिला की मदद से मिंटू को प्रेम जाल फंसाया था। महिला ने फोन से प्रेम का नाटक कर आरटीआई कार्यकर्ता मिंटू लोधी को सुनसान जगह बुलाया। इसके बाद अपने तीन साथियों के साथ मिलकर उसकी हत्या करा दी। पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
रामगांव थाना क्षेत्र के ग्राम आढ़ीपुर दशरथपुर निवासी मिंटू लोधी नौ अक्तूबर को घर से लापता हो गया था। इसी बीच उसकी लाश बाईपास पर एक प्लाट की नींव से खोदाई में मिली थी। पुलिस ने पिता की तहरीर पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण रवींद्र कुमार सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि आरटीआई कार्यकर्ता की हत्या करने के लिए प्रधान प्रतिनिधि रामकुमार मौर्या ने नाजिरपुरा के चुन्नन गोगा और सोनू पार्सल को सुपारी दी थी।
सुपारी मिलने के बाद इन दोनों ने नाजिरपुरा की ही रहने वाली तबस्सुम बेगम को फोन कर मिंटू लोधी से प्रेम प्रसंग बढ़ाने के लिए तय किया। तबस्सुम ने 25 सितंबर से फोन कर मिंटू को अपने प्रेम जाल में फंसाया और फिर उसे सुनसान जगह बुलाकर अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया।
एएसपी ने बताया कि स्वॉट टीम के प्रभारी जेएन शुक्ला और रामगांव एसओ ब्रह्मानंद सिंह ने सर्विलांस टीम के रवि प्रताप, नितिन अवस्थी और प्रदीप के सहयोग से महिला को दबोचा। उन्होंने बताया कि आरोपी ग्राम प्रधान प्रतिनिधि और दो अन्य शातिर बदमाश फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।