डूबे युवक का नहीं चल सका पता
एनडीआरएफ की टीम ने खंगाली नदी
राजीचौराहा (बहराइच)। घाघरा नदी के चहलारी घाट पर नहाते समय डूबे युवक की तलाश दूसरे दिन भी जारी रही। पूरे दिन एनडीआरएफ की टीम लगी रही। विधायक महसी ने अफसरों के साथ जाकर परिवार को ढांढस बंधाया और रेस्क्यू ऑपरेशन तेज करने के निर्देश दिए।
हरदी थाना क्षेत्र के ग्राम धोबिनपुरवा गंगापुरवा निवासी अनिल कुमार आर्या बहनोई रोहित कुमार और फुफेरे भाई विनय कुमार के साथ सोमवार को बहराइच-सीतापुर मार्ग पर स्थित चहलारीघाट घूमने गया था। तीनों नदी में नहाने लगे। इसी बीच उठे तेज भंवर में फंसने के कारण सभी गहरे पानी में चले गए। एनडीआरएफ की टीम ने गोतखोरों की मदद से रोहित और विनय को बाहर निकाल लिया। लेकिन अनिल का पता नहीं चल सका। विधायक महसी सुरेश्वर सिंह मंगलवार सुबह घटनास्थल पहुंचे। उनके साथ एसडीएम राजेश श्रीवास्तव व तहसीलदार राजेश वर्मा भी मौजूद थे। विशायक ने रेस्क्यू कार्य तेज करने के निर्देश दिए। परिवार के लोगों को मुआवजा दिलाने का भी आश्वासन दिया। देर शाम तक अनिल का सुराग नहीं लग सका।