बिजली समस्या पर भड़के व्यापारी, लगाया जाम
परवानीगौढ़ी-मिहींपुरवा मार्ग पर किया प्रदर्शन
सुधार न होने पर बाजार बंद कर आंदोलन की दी चेतावनी
गायघाट (बहराइच)। हाईटेंशन तार टूटने से चपेट में आकर हाल में दो बकरियां जिंदा जल गई थी। यात्रियों से भरी बस बाल-बाल बच गई थी। कस्बे में हालात ये हैं कि हाईटेंशन तार जर्जर होकर झूल रहे हैं। बिजली कटौती भी बड़े पैमाने पर हो रही है। इससे गुस्साए मिहीपुरवा कस्बे के व्यापारी शनिवार को भड़क गए। व्यापारियों ने परवानीगौढ़ी-मिहींपुरवा मार्ग जाम कर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। सभी ने सप्ताह भर में बिजली व्यवस्था न सुधरने पर बाजार बंद कर प्रदर्शन की चेतावनी दी है।
मिहींपुरवा क्षेत्र में बिजली कटौती का आलम यह है कि तहसील मुख्यालय को महज छह घंटे ही बिजली दी जा रही है। आये दिन जर्जर तार भी टूटकर गिर रहे हैं। ट्रिपिंग की समस्या से लोगों के घरों में बिजली उपकरण फुंक रहे हैं। कस्बे में बिजली के तार छह फीट की ऊंचाई पर झूल रहे हैं। दो दिन पहले मिहींपुरवा से दिल्ली जाने वाली बस के गुजरते ही 11 हजार वोल्ट की एचटी विद्युत लाइन टूटकर गिर गई। चपेट में आकर दो बकरियां जिंदा जल गईं।
इन समस्याओं का समाधान न होने पर शनिवार को कस्बे के व्यापारी भड़क उठे। मिहींपुरवा के व्यापारियों ने व्यापार मंडल के बैनर तले मिहीपुरवा-परवानीगौढ़ी मार्ग जामकर प्रदर्शन किया। व्यवसायी मृत्युंजय सोनी, राहुल मद्देशिया आदि ने कहा कि सप्ताह भर में समस्या का निराकरण न होने पर बाजार बंद कर अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू किया जाएगा। प्रदर्शन के बाद एक्सईएन को हस्ताक्षरित ज्ञापन भी भेजा गया। इस दौरान निसार अहमद, इंद्रदेव, महेश चौरसिया, अमर नाथ कुशवाहा, सानू, कन्हैया पोरवाल आदि लोग मौजूद रहे।
करंट से दो मवेशियों की मौत
मोतीपुर। नानपारा लखीमपुर नेशनल हाईवे पर स्थित परवानीगौढ़ी चौराहे पर मुख्य मार्ग पर ट्रांसफार्मर की चपेट में आने से दो मवेशियों की मौत हो गई। परवानीगौढ़ी निवासी सत्रोहन और मिश्रीलाल के मवेशी शनिवार शाम को चरागाह से गांव लौट रहे थे। मवेशी हाईवे पर ट्रांसफार्मर पर बिखरे हाईटेंशन तार की चपेट में आकर उलझ गए। करंट लगने से दोनों की मौत हो गई।