कैसरगंज (बहराइच)। पूरे हिंदूसिंहपुरवा गांव में शनिवार देर शाम को एक छप्पर में अचानक आग लग गई। उसमें लेटी वृद्धा की झुलसकर मौत हो गई। परिवारीजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया। हालांकि पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर तहकीकात शुरू कर दी है।
कैसरगंज थाना अंतर्गत पूरे हिंदूसिंहपुरवा गांव निवासी अंजनी की मां (85) घर के अंदर लेटी हुई थी। तभी अचानक आग लग गई। चीख पुकार सुनकर लोग दौड़े। लेकिन चारपाई पर लेटी वृद्धा आग की लपटों से घिरने के कारण बाहर नहीं निकल सकी। जिंदा जलकर उसकी मौत हो गई। किसी तरह आस पड़ोस के लोगों ने आग पर काबू पाया। पुलिस क्षेत्राधिकारी दिनेश शर्मा ने बताया कि अचानक लगी आग से झुलसकर वृद्धा की मौत हुई है। पुलिस मौके पर पहुंची है। लेकिन परिवार के लोगाें ने पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया। फिर भी मामले की जांच की जा रही है। अगर परिवार के लोगों की तरफ से कोई तहरीर मिलेगी तो उसी के अनुरूप जांच की जाएगी। अभी इस मामले में केस दर्ज नहीं हुआ है।