लक्ष्य से अधिक हुई गेहूं खरीद
89 हजार के सापेक्ष किसानों से खरीदा गया 92 हजार एमटी गेहूं
बहराइच। जिले में इस बार लक्ष्य से तीन हजार मीट्रिक टन अधिक गेहूं की खरीद की गई है। 89 हजार के लक्ष्य के सापेक्ष प्रशासन ने 92 हजार एमटी गेहूं खरीदा है। किसानों को सारे पैसे का भुगतान भी कर दिया गया है।
बहराइच में गेहूं की खरीद अप्रैल से शुरू हुई थी। गेहूं खरीद के लिए जिले में पांच क्रय एजेंसियों के माध्यम से 117 क्रय केंद्र स्थापित किए गए थे। इन क्रय एजेंसियों को यूपी सरकार ने 89 हजार 100 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद का लक्ष्य दिया था। क्रय केंद्रों ने तीन माह तक किसानों से गेहूं खरीद की। जिलाधिकारी अजयदीप सिंह ने कई क्रय केंद्रों पर जाकर गेहूं खरीद का सत्यापन भी किया था। कई लोगों पर कार्रवाई भी की गई। जिला खाद्य विपणन अधिकारी कमलेश पांडेय ने बताया कि गेहूं खरीद में जिला प्रदेश में अव्वल रहा है। यहां पर 20 हजार 575 किसानों से 91 हजार 975 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की गई है। किसानों को 151 करोड़ रुपये का भुगतान भी कर दिया गया है।