बहराइच। जिले की कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए एसपी आरएन सिंह ने शुक्रवार रात बड़े पैमाने पर पुलिसकर्मियों के तबादले किए हैं। एक साथ 189 पुलिसकर्मियों को इधर से उधर किया गया है। इनमें से ज्यादातर पुलिस लाइन से विभिन्न थानों और चौकियों में तैनात किए गए हैं। इसके अलावा तीन मुख्य आरक्षियों के पूर्व में किए गए स्थानांतरण को निरस्त कर उन्हें नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
एसपी ने बताया कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने और थानों की कार्यप्रणाली को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से यह कवायद की गई है। स्थानांतरण सूची के अनुसार पुलिस लाइन में तैनात 180 पुलिसकर्मियों को जिले के विभिन्न थानों और चौकियों पर भेजा गया है, जबकि अलग-अलग थानों में तैनात नौ पुलिसकर्मियों का भी स्थानांतरण किया गया है।
तबादलों में कुल 48 उप निरीक्षक, 95 मुख्य आरक्षी और 46 आरक्षी शामिल हैं। सभी पुलिसकर्मियों ने अपने-अपने तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण कर लिया है। एसपी ने स्पष्ट किया कि यह फेरबदल पूरी तरह प्रशासनिक आधार पर किया गया है, ताकि कानून-व्यवस्था को और चुस्त-दुरुस्त किया जा सके।
इस बीच तीन मुख्य आरक्षियों के स्थानांतरण को निरस्त कर नई जिम्मेदारी दी गई है। पूर्व में थाना खैरीघाट से रिसिया स्थानांतरित किए गए मुख्य आरक्षी सत्य प्रकाश यादव का तबादला रद्द करते हुए उन्हें थाना पयागपुर का हेड मोहर्रिर बनाया गया है।
इसी तरह कैसरगंज से पयागपुर स्थानांतरित मुख्य आरक्षी अवधेश सिंह कुशवाहा का स्थानांतरण निरस्त कर उन्हें कोतवाली देहात कार्यालय में तैनात किया गया है। वहीं पुलिस लाइन से पेशी मिहींपुरवा भेजे गए मुख्य आरक्षी राजेश कुमार को रुपईडीहा थाने का हेड मोहर्रिर नियुक्त किया गया है।