विशेश्वरगंज (बहराइच)। लुधियाना से कमाई कर घर लौट रहे युवक को गोंडा में कार सवार लोगों ने लिफ्ट दी। रास्ते में जहरीली चाय पिलायी और बेहोश होने पर उसे लूट लिया। इसके बाद विशेश्वरगंज के पास युवक को कार से फेंक कर कार सवार भाग गए। होश में आने पर युवक ने आप बीती बतायी। उसके चाचा ने कार के नंबर का हवाला देते हुए केस दर्ज कराया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
विशेश्वरगंज थाना अंतर्गत वैशनपुरवा ऐलो गांव निवासी कृष्णकुमार सिंह लुधियाना में नौकरी करता है। मंगलवार को वह लुधियाना से घर के लिए रवाना हुआ। सुबह गोंडा पहुंचा तो गांव जाने के लिए रेलवे स्टेशन से बसअड्डे पर गया। बस अड्डे पर बस आने में देर हुई। तभी उसे कार सवार चार लोग बस अड्डे पर मिले।
अपने बहराइच जाने की बात कहते हुए रास्ते में विशेश्वरगंज में उतारने की बात कही। जल्दी घर पहुंचने की चाहत में कृष्णकुमार कार में सवार हो गया। कृष्णकुमार का कहना है कि बनगाई में कार सवार लोगों ने वाहन रोक कर चाय पी और उसे भी पिलाई। लेकिन चाय पीने के कुछ देर बाद ही कृष्णकुमार बेहोश हो गया।
इस पर कार सवार लोगों ने उसे विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र में नेवलपुर मोड़ के निकट सड़क किनारे फेंक दिया और फरार हो गये। आसपास के लोगों ने युवक को बेहोशी की हालत में देखा तो उसेे वाहन का इंतजाम कर सीएचसी पहुंचाया। होश में आने पर कृष्णकुमार ने अपने घर का पता बताया। इसके बाद परिवारीजन पहुंचे, तब उसने जहरीली चाय पिलाकर लूटने की बात कही।
कृष्णकुमार के मुताबिक उसका मोबाइल, 15 हजार रुपये नकदी व अन्य सामान कार सवार लूट ले गए। प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सरोज ने बताया कि पीड़ित कृष्णकुमार के चाचा गुरु प्रसाद की तहरीर पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।