बहराइच। चहलवा विजय नगर में गुरुवार को महिलाओं ने क्षेत्र में धधक रही अवैध शराब की भट्ठियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। सभी ने प्रदर्शन करते हुए पुलिस प्रशासन पर अनदेखी का आरोप लगाया।
सभी ने महिला सशक्तीकरण व बेटी बचाने का संकल्प लिया। मोतीपुर तहसील के चहलवा विजयनगर गांव में गुरुवार को अंबेगृहवाणी महिला विकास संस्थान के बैनर तले क्षेत्र की महिलाएं एकत्रित हुईं।
अध्यक्षता अध्यक्ष सविता देवी व सचिव शिवकुमार मौर्य ने की। बैठक में महिलाओं ने बेटियों के जन्म पर भेदभाव न करने की बात कही। सभी ने कहा कि बेटियों का जन्म होने पर खुशी मनाएं।
हम सभी मिलकर ही बेटी बचाएंगे। महिलाओं ने महिला सशक्तीकरण पर बल दिया। इसके बाद सुमन देवी, अनीता, आशा, ऊषा, मालती की अगुवाई में सभी ने नारेबाजी करते हुए पुलिस व आबकारी विभाग के विरुद्ध प्रदर्शन किया।
महिलाओं ने कहा कि क्षेत्र में अवैध शराब की भट्ठियां धधक रही हैं, जिससे आए दिन परिवार के लोग उसका सेवन कर हंगामा करते हैं। कई बार सुजौली, मुर्तिहा पुलिस को मामले से अवगत कराया।
लेकिन सुनवाई नहीं हुई। परेशान महिलाओं ने जिला मुख्यालय पर अनशन की चेतावनी दी है। प्रदर्शन के दौरान शांती देवी, मंशा, राजकुमारी, मीरा, आशा, लालमुनी समेत 50 से अधिक महिलाएं मौजूद रहीं।