रुपईडीहा (बहराइच)। सशस्त्र सीमा बल 42वीं वाहिनी के सहायक कमांडेंट सुकुमार देववर्मन ने बताया कि रविवार रात करीब 10 बजे बाबागंज रेलवे स्टेशन के नजदीक इंस्पेक्टर विजेंद्र कुमार सिंह की अगुवाई में एसएसबी के जवान गश्त पर थे। तभी दो व्यक्ति नेपाल की ओर संदिग्ध हालात में जाते दिखे।
दोनों तस्करों ने भागने की कोशिश की। उन्हें जवानों ने दबोच लिया। तलाशी के दौरान उन दोनों के कब्जे से 50 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
तस्करों की पहचान राजेश वर्मा निवासी हाड़ा इमिलिया बसहरी व मनसूर आलम निवासी अमवा मौलवी बहराइच के रूप में हुई है। सहायक कमांडेट ने बताया कि पकड़े गए दोनों तस्करों ने हेरोइन की खेप नेपाल ले जाने की बात स्वीकार की।
बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय कीमत 50 लाख के आसपास है। आरोपियों को प्रभारी निरीक्षक रुपईडीहा आलोक राव के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस ने उन्हें जेल भेज दिया है।