देश के विकास में किसानों का अतुलनीय योगदान
कैसरगंज के रानीबाग मैदान में कृषक मेले का आयोजन
कैसरगंज (बहराइच)। किसान खुद खाने की चिंता बाद में कर समाज की चिंता पहले करता है। अन्न को देवता मानकर वह अपने खेत की मिट्टी को ऐसे प्यार करता है, जैसे वह अपने पुत्र को दुलार रहा हो। किसान का यही विश्वास और आत्मबल खेतों में अन्न वर्षा करता है। उन्होंने कहा कि देर विकास की ओर बढ़ रहा है, इसमें किसानों का अतुलनीय योगदान है।
यह बातें कैबिनेट मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा ने कैसरगंज के रानीबाग मैदान में कृषि विभाग की ओर से आयोजित कृषक मेले में कही। उन्होंने कहा कि प्रत्येक न्याय पंचायत में एक ऐसे प्रगतिशील किसान को तैयार करें जो अन्य किसानों के लिए प्रेरणा स्रोत बन सके। किसान मेले को उप निदेशक कृषि अनिल सागर, कृषि अधिकारी अश्विनी कुमार सिंह, जिला गन्ना अधिकारी रामकिशन, उद्यान निरीक्षक आरके वर्मा ने भी संबोधित किया। उन्होंने मेले में लगाए गए स्टालों का निरीक्षण कर किया तथा उनसे जानकारी भी हासिल की। इसके बाद उन्होंने किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड व मिनीकिट का भी वितरण भी किया। इस मौके पर उप जिलाधिकारी पंकज कुमार, कौशलेंद्र विक्रम सिंह, गौरव वर्मा, गोदाम प्रभारी जितेंद्र पाल सिंह, नरेंद्र चौधरी, शिव सहाय सिंह, किरण बैस, उमा प्रताप सिंह, रिंकू सिंह आदि मौजूद रहे।