नानपारा (बहराइच)। नानपारा नगर की सूरत एक करोड़ रुपये से संवरेगी। इसके लिए नगर पालिका परिषद की ओर से नगर के विकास के लिए कार्य योजना तैयार की गई है। प्रस्ताव पर नगर पालिका परिषद के बोर्ड ने भी मुहर लगा दी है।
सारी औपचारिकताएं पूरी हो गई है। शीघ्र ही कार्य का टेंडर कर काम शुरू कराया जाएगा। इससे नगर के 25 वार्डों की डेढ़ लाख की आबादी लाभान्वित होगी। मार्च माह के अंत तक काम पूरा होना है।
इसके बाद जलनिकासी की समस्या से लोगों को निजात मिल सकेगी। बरसात में दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ेगा। नानपारा नगर के सभी 25 वार्डों की गलियां बदहाल हैं। अरसा पूर्व बने मार्गों की हालत खस्ता है।
मार्गों के साथ ही नालियां भी पटी पड़ी हैं। इससे न तो आवागमन की सुविधा दुरुस्त है और न ही जलनिकासी की। हल्की बरसात में भी नगर के मुख्य मार्गों पर गड्ढायुक्त सड़कों पर जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है।
इस मामले में कई बार नगर के लोगों ने आवाज उठाई। अब नगर पालिका परिषद ने सुधि ली है। नगर के विकास के लिए एक करोड़ रुपये की कार्ययोजना तैयार की गई है।
कार्य योजना के प्रस्ताव पर नगर पालिका परिषद बोर्ड ने भी मुहर लगा दी है। नगर पालिका परिषद के चेयरमैन अब्दुल मोहीद राजू ने बताया कि नगर की सड़कों और नालियों को दुरुस्त करने के लिए शासन को फाइल भेजी गई थी।
इन वार्डों में होंगे काम
नानपारा नगर पालिका परिषद के भिश्ती टोला, तोपखाना मोहल्ला, जुबलीगंज, स्टेशन रोड, कतर्निया मार्ग, कालीकुंडा, बहराइच रोड, इमामगंज चौराहा सहित नगर के सभी 25 वार्डों के मोहल्लों में आरसीसी रोड व इंटरलॉकिंग, पुराने निर्माण की मरम्मत और नाले का निर्माण कार्य कराया जाएगा।
नगर में इंटरलॉकिंग कार्य से उबड़ खाबड़ मार्गों से निजात मिलेगी। नाली निर्माण से शहर के घरों से निकलने वाला पानी सड़क पर नहीं फैलेगा ।
मिल गया है बजट, जल्द शुरू होगा काम
नगर के सभी वार्डों में सड़कों के निर्माण और मरम्मत के साथ नाले-नालियों के भी निर्माण कार्य होना है। इसके लिए कवायद शुरू कर दी गई है।
14वें राज्य वित्त आयोग के तहत बजट पास हो गया है। शीघ्र ही कार्य शुरू करवाया जाएगा।
-अशोक कुमार तिवारी, अधिशासी अधिकारी
नगर के वार्डों को संवारने के लिए 78 लाख का प्रस्ताव तैयार किया गया था। काम पूरा होने में लगभग एक करोड़ खर्च होने की उम्मीद है।
बजट जारी हो गया है। सप्ताह भर में काम शुरू करवा दिया जाएगा। कोशिश है कि मार्च के अंत तक नगर की सूरत बदली दिखे।
-अब्दुल मोहीद राजू, नगर पालिका अध्यक्ष