बहराइच। जिले में सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी की गई रिपोर्ट में नानपारा के टोल कर्मी समेत 16 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। इनमें कुछ लोगों को होम आइसोलेट करा दिया गया है तो कुछ मरीजों को कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कोरोना की रफ्तार जिले में थम नहीं रही है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी की गई रिपोर्ट में सोमवार को 16 लोग कोरोना संक्रमित मिले। नानपारा सीएचसी के अधीक्षक डॉ. चंद्रभान ने बताया कि टोल कर्मी कोरोना पॉजिटिव निकला है। उसे होम आइसोलेट करा दिया गया है। पयागपुर के अधीक्षक डॉ. एनबी जायसवाल ने बताया कि भूपगंज बाजार निवासी एक ग्रामीण पॉजिटिव आया है। उसे होम आइसोलेट करा दिया गया है। इसके अलावा विशेश्वरगंज, मिहींपुरवा और चित्तौरा में एक-एक कोरोना पॉजिटिव निकला है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजेश मोहन श्रीवास्तव ने बताया कि कुछ संक्रमितों को होम आइसोलेट कराया गया है, जबकि कुछ कोरोना पॉजिटिव को कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सीएमओ ने बताया कि होम आइसोलेट संक्रमितों को स्वास्थ्य टीम द्वारा घर-घर दवा पहुंचाई जा रही है।