बहराइच। पुलिस-प्रशासन के अफसरों ने बुधवार को शहर में घंटाघर से रोडवेज मार्ग तक अभियान चलाकर अतिक्रमण हटवाया। इस दौरान सड़क पर जहां भी अतिक्रमण दिखा उसे जेसीबी से ढहा दिया गया। इस दौरान अफरातफरी का माहौल रहा। पुलिस ने पुन: अतिक्रमण करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है।
शहर में अतिक्रमण के चलते प्रतिदिन जाम की समस्या उत्पन्न हो रही है। इसे देखते हुए उपजिलाधिकारी सदर कीर्तिप्रकाश भारती, सीओ, तहसीलदार राजेश वर्मा व प्रभारी निरीक्षक डीके श्रीवास्तव की अगुवाई में पुलिसकर्मी घंटाघर पहुंचे।
अधिकारियों ने पहले पैदल मार्च किया तो सड़क पर काफी अतिक्रमण मिला। इस पर घंटाघर से रोडवेज मार्ग तक अतिक्रमण हटवाने के लिए एनाउंसमेंट किया गया।
इसके बाद भी लोगों ने अतिक्रमण नहीं हटाया तो एसडीएम ने जेसीबी मशीन मंगवाई। रोड पर अतिक्रमण को ढहा दिया गया। एसडीएम ने बताया कि घंटाघर, स्टीलगंज तालाब, पीपल तिराहा, चौक बाजार, रोडवेज मार्ग से अतिक्रमण हटवाया गया।
साथ ही लोगों को दोबारा अतिक्रमण न करने की चेतावनी दी गई। प्रभारी निरीक्षक ने कहा कि पुन: अतिक्रमण करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।