बहराइच। पुरैना बाजार में रेडीमेड कपड़े व जूते-चप्पल की एक दुकान में मंगलवार देर रात अज्ञात कारणों से आग लग गई। आसपास के लोगों ने दुकानदार को सूचना दी।
दुकानदार मौके पर पहुंचा और फायर स्टेशन पर खबर दी गई। मौके पर पहुंची फायरब्रिगेड टीम ने ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया। अग्निकांड में 40 हजार रुपये कैश, कपड़े, जूते-चप्पल,फर्नीचर समेत लगभग सात लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
विशेश्वरगंज थाना अंतर्गत ग्राम पुरैना निवासी जीवनलाल पुत्र बाबादीन की बाजार में रेडीमेड कपड़े की दुकान है। इसी दुकान में जीवनलाल जूते-चप्पल भी व्यापार करते हैं।
प्रतिदिन की तरह मंगलवार रात 10 बजे जीवनलाल दुकान बंद कर घर चले गए। देर रात दुकान में अज्ञात कारणों से आग लग गई। पड़ोसियों ने जीवनलाल को सूचना दी।
बदहवास हालत में वह मौके पर पहुंचे। फायर स्टेशन व पुलिस को भी खबर दी गई। दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और दुकान के पीछे सो रही हंसरानी पत्नी बाबादीन को किसी तरह बाहर निकाला। इसके आग बुझाई।
व्यवसायी के मुताबिक दुकान में बिक्री के 40 हजार रुपये नकदी, कपड़े, जूते-चप्पल, फर्नीचर आदि सब कुछ जल गया। अग्निकांड में लगभग सात लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
अग्निकांड की सूचना पाकर लेखपाल अनुराग श्रीवास्तव ने क्षति का मुआयना किया है। लेखपाल ने बताया कि रिपोर्ट तहसील भेज दी गई है।