बहराइच। अलीगढ़ में हुई विभत्स घटना के विरोध में शनिवार की रात युवाओं ने कैंडल मार्च निकाला। युवाओं ने नगर मजिस्ट्रेट को राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपकर नृशंस वारदात को अंजाम देने वाले हत्यारों को फांसी की सजा देने की मांग की।
अलीगढ़ की मासूम के साथ कुछ दिन पूर्व दिल दहला देने वाली वारदात को अंजाम दिया गया था। इस घटना से पूरे प्रदेश में लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है। अलीगढ़ की घटना के विरोध में शनिवार की रात जिले के युवाओं की ओर से कानूनगोपुरा चौकी के निकट से कैंडल मार्च निकाला। सभी ने अस्पताल चौराहा, डिगिहा तिराहा, छावनी, घंटाघर, छोटी बाजार होते हुए कानूनगोपुरा पुलिस चौकी के निकट तक कैंडल मार्च निकाला।
इसके बाद नगर मजिस्ट्रेट जयप्रकाश को ज्ञापन सौंपा गया। मार्च के दौरान नगर कोतवाल देवेंद्र कुमार श्रीवास्तव व चौकी इंचार्ज पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। इस दौरान आशीष पांडेय, सर्वेश पांडेय, राहुल द्विवेदी, नागेंद्र पांडेय, रवि, केके पांडेय, नीरज, संतोष पांडेय, दुर्गेश पांडेय, संदीप, आकाश आदि मौजूद रहे।