रिसियामोड़ (बहराइच)। बहराइच-नानपारा हाईवे पर रविवार को बगियाघाट के पास एक तेज रफ्तार कार का टायर फट गया। इससे अनियंत्रित कार ने बाइक सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी, जिससे वे घायल हो गए। गंभीर हालत में तीनोें घायलों को जिला अस्पताल से ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया जाता है कि हादसे में घायल बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं लगाया था।
रानीपुर थाना क्षेत्र के कारीडीहा गांव निवासी अवधेश (25) की रिश्तेदारी बहराइच-नानपारा हाईवे पर बेगमपुर स्थित बेगमपुर गांव में है। वह पास के गांव मुरावनपुरवा निवासी प्रदीप कुमार (22) और कोतवाली देहात के झाला कला निवासी मोनू (12) के साथ रविवार की सुबह रिश्तेदारी में बाइक से जा रहा था।
इसी दौरान नानपारा-बहराइच हाईवे पर बगियाघाट अकेलवा के निकट नानपारा की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार का टायर अचानक फट गया। अनियंत्रित कार ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर जोरदार होने के कारण बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं कार के भी परखच्चे उड़ गए। आसपास के लोगों ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उन्हें ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया।