बहराइच। पिता के मृत्यु की तारीख परिवार रजिस्टर में दर्ज कराने के लिए एक ग्रामीण साल भर से दौड़ रहा था। अधिकारियों ने हस्ताक्षर भी कर दिए लेकिन कुछ कर्मचारी रोड़ा बने हुए थे। इस मामले में ग्रामीण ने डीएम से शिकायत की। डीएम के हस्तक्षेप पर आननफानन में परिवार रजिस्टर को दुरुस्त कर नकल ग्रामीण को मुहैया करायी गयी। वहीं हीलाहवाली के मामले में एडीओ पंचायत व वीडीओ को प्रतिकूल प्रविष्टि दी गयी है।
तहसील कैसरगंज अंतर्गत विकासखंड फखरपुर के ग्राम बुबकापुर निवासी उत्तम ने 31 मई को जनता दर्शन के समय डीएम शंभु कुमार के समक्ष प्रस्तुत होकर प्रार्थना-पत्र दिया था। उत्तम ने डीएम को अवगत कराया था कि उसके पिता भगौती की मृत्यु 2 अगस्त 2018 को घर पर हो गयी थी। तभी से वह पिता की मृत्यु की तारीख परिवार रजिस्टर में दर्ज कराने व उसकी नकल प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है।
उत्तम ने यह भी बताया कि परिवार रजिस्टर की नकल के लिए दिए गए आवेदन-पत्र पर एसडीएम, बीडीओ व एडीओ ने आदेश भी कर दिया है। लेकिन उसे परिवार रजिस्टर की नकल नहीं दी जा रही है। मामले को डीएम ने गंभीरता से लेते हुए बीडीओ फखरपुर को तत्काल नकल दिलाने तथा मामले की जांच कर कार्यवाही के निर्देश दिये।
बीडीओ तेजवंत सिंह सोमवार को स्वयं वीडीओ, फरियादी उत्तम एवं परिवार रजिस्टर की नकल के साथ कलेक्ट्रेट स्थित डीएम चैम्बर में उपस्थित हुए। डीएम ने स्वयं अपने हाथों से फरियादी उत्तम को परिवार रजिस्टर की नकल सौंपते हुए बीडीओ को निर्देश दिया कि मामले में हीलाहवाली बरतने वाले एडीओ पंचायत संतोष कुमार मौर्य व वीडीओ अनुज कुमार पाल को विशेष प्रतिकूल प्रविष्टि जारी की जाए। बीडीओ ने बताया कि डीएम के आदेश पर दोनों कर्मियों को मामले में लापरवाही बरतने पर विशेष प्रतिकूल प्रविष्टि दी गयी है।
सम्पूर्ण समाधान दिवस आज
बहराइच। आमजन की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को होने वाले सम्पूर्ण समाधान दिवसों की श्रृंखला के तहत माह जून के प्रथम मंगलवार 4 जून को तहसील मिहींपुरवा में डीएम की अध्यक्षता में तथा शेष तहसीलों में संबंधित उप जिलाधिकारियों की अध्यक्षता में ़संपूर्ण समाधान दिवस होगा।