बहराइच। विकास भवन सभागार में रविवार को जनपद के शराब व्यवसायियों की बैठक हुई, जिसमें एसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने व्यवसायियों को बाराबंकी में हुये जहरीले शराब कांड की घटना से सबक लेते हुए आबकारी नियमों व शर्तों के साथ ही व्यवसाय को करने के निर्देश दिये।
बैठक को संबोधित करते हुए एसपी ने कहा कि पड़ोसी जनपद बाराबंकी में अवैध तरीके से बिक रही जहरीली शराब में कई बेगुनाह गरीबों ने अपनी जान गवां दी। घटना काफी दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने शराब व्यवसायियों से कहा कि सभी लोग आबकारी नियमों व शर्तों के तहत ही शराब का व्यवसाय करें। उन्होंने कहा कि शराब से संबंधित किसी प्रकार की घटना होने पर पूरी जिम्मेदारी अनुज्ञापी की होगी। इसलिए सभी लाइसेंसीधारक गोदाम व प्रतिष्ठान पर आने वाली डिलीवरी की स्वयं जांच कर लें।
बैठक के दौरान एसपी ने अनुज्ञापियों को निर्देश दिया कि ठेकों व गोदामों पर ऐसे व्यक्तियों को प्रवेश की अनुमति दें, जो विश्वासपात्र हों। उन्होंने व्यवसायियों से कहा कि सभी अपने अधीन कार्य करने वाले कर्मचारियों के चरित्र प्रमाण पत्र भी प्राप्त कर लें। बैठक में एसपी ने सभी अनुज्ञापियों को यह भी सुझाव दिया कि सभी लोग अपने गोदामों व दुकानों को क्लोज सर्किट कैमरों से आच्छादित कर दें। जिससे कि आप लोग अपनी गैर मौजूदगी में भी गोदामों और दुकानों की निगरानी कर सकेंगे।
एसपी ने कहा कि व्यवसायी अपने प्रतिष्ठानों पर खाली पड़ी बोतलों आदि कतई न रखे, जिससे रिपैकिजिंग की संभावना न रहे। उन्होंने कहा कि शराब की दुकानों का संचालन सुबह 10 से रात्रि 10 बजे तक किया जाए। तय अवधि के बाद दुकान का संचालन होता मिला तो संबंधित पर कड़ी कार्रवाई की जायेगी।
एसपी ने अनुज्ञापियों को सुझाव दिया कि अगर उनके संज्ञान में किसी स्थान पर अवैध शराब व्यवसाय संचालन की जानकारी आती है तो इसकी सूचना तत्काल जिला प्रशासन को दें। इस मौके पर एडीएम राम सुरेश वर्मा, जिला आबकारी अधिकारी प्रगल्भ लवानिया, आबकारी निरीक्षक आशुतोष कुमार उपाध्याय, अरविंद कुमार सिंह, पीपी टंडन, दिनेंद्र कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।